'घर वापसी' की अटकलों के बीच अमित शाह से मिले कैप्टन, क्या हुई बात? पंजाब में चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज

Punjab BJP President cCntroversy: कांग्रेस में वापसी की अटकलों के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में अमित शाह और जेपी नड्डा से मुलाकात की है। BJP अध्यक्ष की नियुक्ति पर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।
Captain meets Amit Shah amidst 'Ghar Wapsi' speculation—what was discussed? Political activity intensifies in Punjab ahead of elections.
कैप्टन अमरिंदर सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फोटो सोर्स-@capt_amarinder)
Published on
Updated on

Captain Amarinder Singh Meets Amit Shah: पंजाब में भाजपा अध्यक्ष के तौर पर केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति से नाराजगी और पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। अमित शाह से मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।

अमित शाह से मुलाकात

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में अमित शाह से मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा कि नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक हुई और पंजाब से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा की गई। उन्होंने दूसरे पोस्ट में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात का जिक्र किया। सोशल मीडिया पोस्ट में पंजाब के पूर्व सीएम ने लिखा कि नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी. नड्डा से मुलाकात की और पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

नए BJP अध्यक्ष पर नाराजगी

बताते चलें कि पंजाब में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले, भाजपा ने 28 मई को केवल सिंह ढिल्लों को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया। उन्होंने सुनील जाखड़ की जगह ली, जो राज्य में पार्टी का प्रमुख हिंदू चेहरा थे। पंजाब भाजपा प्रमुख की नियुक्ति को लेकर पूर्व सीएम अमरिंदर सिंह ने कहा कि ढिल्लों को नियुक्त करने से पहले पार्टी आलाकमान ने उनसे कोई सलाह-मशविरा नहीं किया था। इस पर कैप्टन ने नाराजगी भी जाहिर की थी।

हालांकि, नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति पर कैप्टन ने शुभकामनाएं भी दी थीं।

कांग्रेस में वापसी की अटकलें

इसके पहले कई मौकों पर कैप्टन कह चुके हैं कि कांग्रेस में पंजाब को लेकर उनसे सुझाव लिया जाता था, लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं है। यहां फैसले सीधे दिल्ली से लिए जाते हैं।  हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई दी। पूर्व सीएम ने बधाई देते हुए लिखा कि केवल सिंह ढिल्लों को भारतीय जनता पार्टी पंजाब का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर बधाई। पंजाब भर में पार्टी को मजबूत करने में उन्हें अपार सफलता मिले, ऐसी शुभकामनाएं।

कैप्टन अमरिंदर सिंह के फिर से कांग्रेस में वापसी की अटकलों ने तब और हवा पकड़ी, जब हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि अमरिंदर सिंह हमारे संपर्क में हैं। वह कांग्रेस के सीनियर नेता रह चुके हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस नेता हुड्डा के बीच दोस्ताना संबंध है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com