पटियाला के राजपुरा-शंभू रेलवे लाइन पर ब्लास्ट, एक व्यक्ति के उड़े चीथड़े, इलाके में मचा हड़कंप

Railway Track Blast: पटियाला के शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक पर सोमवार रात जोरदार धमाका हुआ। मालगाड़ी ट्रैक के पास एक अज्ञात शव भी मिला है। एसएसपी सहित भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीमें जांच में जुटी।
Patiala Railway Track Blast
राजपुरा-शंभू रेलवे लाइन पर ब्लास्ट (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Patiala Railway Track Blast: पंजाब के पटियाला में सोमवार देर रात शंभू-राजपुरा रेलवे ट्रैक पर धमाके की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, यह घटना रात करीब 9:30 बजे के आसपास हुई। अब तक किसी भी संगठन ने इस धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है। एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर हर पहलू की जांच कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि यह धमाका राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (DFCCI) की रेलवे लाइन पर हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और स्थानीय पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है।

एक शव बरामद

खबरों के अनुसार, पुलिस को ट्रैक के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव भी मिला है, जो बुरी तरह क्षतिग्रस्त बताया जा रहा है। हालांकि, इस बारे में आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, धमाका यात्री ट्रेन की लाइन पर नहीं बल्कि मालगाड़ी ट्रैक पर हुआ। मौके पर डीआईजी, एसएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारी समेत कई पुलिस टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

पहले भी हो चुकी हैं घटनाए

रेलवे ट्रैक पर हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए लगातार चुनौती बनी हुई हैं। इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे पटरियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। इसी साल 23 जनवरी को सरहिंद के खानपुर में हुए ब्लास्ट में मालगाड़ी का इंजन पटरी से उतर गया था। वहीं, 1998 में खन्ना में पटरी टूटने के कारण एक भीषण रेल हादसा हुआ था, जिसमें 200 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए थे। पिछले दो वर्षों में भी उत्तर रेलवे को कई बार आतंकी संगठनों और शरारती तत्वों की ओर से पटरियां उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क बनी हुई हैं।

जांच में जुटीं एजेंसियां

ताजा मामले में देर रात तक पंजाब पुलिस और फॉरेंसिक टीमें घटनास्थल पर जांच में जुटी रहीं। अधिकारियों का कहना है कि धमाके की प्रकृति की गहन जांच की जा रही है, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आतंकी साजिश थी या कोई अन्य कारण।

इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। घटनास्थल से एक शव मिलने की खबर ने मामले को और गंभीर बना दिया है, जिससे किसी आत्मघाती प्रयास या बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल रेलवे अधिकारी ट्रैक की मरम्मत और स्थिति सामान्य करने के प्रयासों में लगे हैं, ताकि जल्द से जल्द रेल सेवाएं बहाल की जा सकें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com