

LPU Student Protest: पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से कथित दुष्कर्म के बाद आत्महत्या का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर मामले में स्पष्टीकरण दिया था। जिस पर वीडियो में नजर आ रही छात्राओं ने ही सवाल खड़े कर दिए हैं और दबाव डालकर वीडियो बनाने का आरोप लगाया है।
छात्राओं ने आरोप लगाया है कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन पर दबाव डालकर 'स्क्रिप्टेड’ बयान दिलवाया। इसके अलावा उनकी सहमति के बिना वीडियो को सोशल मीडिया पर डाला। जिसके चलते उन्हें बिना वजह ऑनलाइन गालियों और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।
यूनिवर्सिटी हॉस्टल में छात्रा से कथित दुष्कर्म और आत्महत्या के बाद छात्रों ने कैंपल में विरोध प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ और आगजनी की थी। इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने LPU के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर रजिस्ट्रार डॉ. मोनिका गुलाटी का एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में रजिस्ट्रार गुलाटी गर्ल्स हॉस्टल-3 (GH3) के रूम नंबर 504 में रहने वाली तीन छात्राओं के साथ नजर आ रही हैं।
वीडियो में एक छात्रा ने कहा कि वे पिछले 2 महीनों से इस कमरे में रह रही हैं और ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। वहीं दूसरी छात्रा कहती है कि पुलिस लगातार आ रही है और वे लोग पूछताछ से परेशान हो चुकी हैं। अगर यह सब नहीं रुका तो वे अपने माता-पिता को बुलाएंगी। यूनिवर्सिटी ने इसी वीडियो को आधार बनाकर दावा किया कि दुष्कर्म की खबर सिर्फ LPU की छवि खराब करने के लिए असामाजिक तत्वों की साजिश है।
LPU द्वारा सोशल मीडिया पर वीडियो डालने के कुछ घंटों बाद, अब उन्हीं तीनों छात्राओं का एक नया वीडियो सामने आया है। जिसमें उन्होंने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर आरोप लगाया कि उन पर वह बयान दबाव डालकर दिलवाया गया था। एक छात्रा ने कहा कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने हमें यह सब रिकॉर्ड करने और उनके पक्ष में बोलने को कहा था।
छात्रा ने कहा कि हमसे कहा गया कि वीडियो में हमें बस इतना बोलना है कि दूसरे छात्र हमें परेशान कर रहे हैं। हमने वही किया जो हमसे कहा गया। लेकिन हमारी सहमति के बिना वीडियो को एडिट करके सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। अब लोग हमें बिना कारण के गालियां दे रहे हैं और ट्रोल कर रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने से यूनिवर्सिटी प्रशासन की कार्यप्रणाली की पोल खुल गई है।
हालात को देखते हुए लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) ने 28 सितंबर 2026 से अगले 10 दिनों तक नियमित कक्षाएं स्थगित करने की घोषणा की है। विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया कि मिडटर्म परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं और उनका नया शेड्यूल बाद में UMS पोर्टल के जरिए जारी किया जाएगा।
जालंधर के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचाया। मामले को लेकर पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई जारी है।