LPG सिलेंडर के लिए लाइन में लगे थे भूषण कुमार, बारी आने से पहले आया हार्ट अटैक और थम गईं सांसें

Punjab News: पंजाब के बरनाला में दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़ा बुजुर्ग ने अपनी बारी इंतजार करते-करते प्राण त्याग दिए।
Punjab LPG Shortage
सांकरेतिक तस्वीर (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Punjab LPG Shortage: गैस सिलेंडर की कमी के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच बरनाला जिले के शैहना गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े एक बुजुर्ग की हार्ट अटैक से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, गांव शैहना के रहने वाले 66 वर्षीय भूषण कुमार मित्तल, पुत्र देवराज मित्तल, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे हुए थे। बताया जा रहा है कि उनका नंबर 25वां था और वे लगभग दो घंटे से इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान लाइन में बैठे-बैठे उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। परिजन बाद में उनका शव घर ले गए और परिवार की ओर से पोस्टमार्टम करवाने की तैयारी की जा रही है। इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह धालीवाल ने मृतक के परिवार के प्रति गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि भूषण कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। धालीवाल ने आरोप लगाया कि लोगों को गैस सिलेंडर के लिए घंटों लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिसके कारण ऐसी दुखद घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने केंद्र और पंजाब सरकार से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी की है।

सरकार ने लागू किया आवश्यक वस्तु अधिनियम

भारत रसोई गैस के लिए आयात पर काफी हद तक निर्भर है और इसका बड़ा हिस्सा मिडिल ईस्ट देशों से आता है। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने एलपीजी पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 लागू कर दिया है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

हालांकि इसके बावजूद कई राज्यों में लोगों को गैस सिलेंडर मिलने में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बुकिंग के 4 से 5 दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। इस वजह से लोग सुबह तड़के ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com