पुलिस पर हमला, बैरकों में तोड़फोड़…कपूरथला जेल में खूनी बवाल से मचा हड़कंप! बाहर लगी एंबुलेंस की कतारें

Kapurthala Modern Jail Riots: कपूरथला जेल में कैदियों के बीच हिंसक झड़प के बाद हड़कंप मच गया। बैरक में तोड़फोड़ और आगजनी की कोशिश के बाद पुलिस ने हालात काबू किए।
Kapurthala jail
कपूरथला जेल (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Kapurthala Jail Violence: शनिवार रात करीब 8:30 बजे पंजाब की कपूरथला जेल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जेल परिसर हिंसा के मैदान में बदल गया। जानकारी के मुताबिक, एक बंदी के साथ हुई मामूली बहस के बाद कैदियों और विचाराधीन कैदियों के बीच खूनी संघर्ष शुरू हो गया। देखते ही देखते गुस्साए कैदियों ने जेल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया।

हिंसक हुए कैदियों ने बैरक नंबर 4 की अंदरूनी दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिया और जेल के एक हिस्से में आग लगाने की कोशिश भी की। इस दौरान जेल अधिकारियों और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। जब पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लेने की कोशिश की, तो कैदियों ने कथित तौर पर उन पर भी हमला कर दिया।

एक कैदी को गोली लगने का आरोप

घटनास्थल से कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें कैदी जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। कैदियों का दावा है कि प्रशासन ने उन्हें काबू करने के लिए फायरिंग की। वीडियो में कैदी यह आरोप भी लगा रहे हैं कि एक साथी कैदी को गोली लगी है, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

जेल के बाहर एंबुलेंस तैनात

जेल परिसर के बाहर 5-6 एंबुलेंस की मौजूदगी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस झड़प में कई लोग घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जालंधर रेंज के DIG ने देर रात बयान जारी कर कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। जेल के भीतर हुई इस सुरक्षा चूक और हिंसा के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

बता दें कि स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान 7 से 8 राउंड फायरिंग भी हुई। घटना के बाद जेल के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। बताया जा रहा है कि हालात को बेकाबू होते देख आसपास के जिलों से भी पुलिस फोर्स कपूरथला भेजी जा रही है जिससे स्थिति को संभाला जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com