चंडीगढ़ में बड़ा हादसा, भरभराकर गिरी बिल्डिंग; कई लोगों के दबे होने की आशंका, बचाव अभियान जारी

Chandigarh Building Collapse: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में एक इमारत ढह गई। सूचना के तुरंत बाद प्रशासन द्वारा राहत-बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
Major accident in Chandigarh; building collapses; several people feared trapped; rescue operation underway.
चंडीगढ़ं में इमारत गिरने के बाद बचाव कार्य जारी (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandigarh News: पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के पास एक बड़ा हादसा हो गया। शहर में ‘होटल द फर्न’ के पास एक बिल्डिंग अचानक भरभराकर ढह गई। इससे इलाके में हड़कंप मच गयी। वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, इमारत के मलबे में अभी कई लोगों के फंसे होने की संभावना है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव टीम द्वारा लगातार मलबा हटाने और प्रभावित लोगों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

दोपहर से हो रही बारिश

लोगों का कहना है कि पूरे शहर में शनिवार दोपहर से ही लगातार बारिश हो रही है। इस बीच शाम के समय अचानक तेज आवाज आई और कुछ ही सेकंड में पूरी बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। हादसे में लोगों को संभलने का भी मौका नहीं मिला। इमारत के जमींदोज होने के बाद पूरे क्षेत्र में धूल का गुबार फैल गया। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

बचाव कार्य में लगाई गईं भारी मशीनें

बचाव कार्य तेज करने के लिए पुलिस ने क्रेन, जेसीबी मशीन के साथ अन्य भारी उपकरण लगाया है। मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए एंबुलेंस को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है जिससे कि घायलों को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भेजा जा सके। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मलबे से अब तक चार लोगों को निकाला जा चुका है, जबकि दो लोगों अभी भी मलबे में दबे होने की सूचना है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

जांच के बाद जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई

फिलहाल बिल्डिंग गिरने के स्पष्ट कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा यह जांच की जा रही है कि इमारत में किस प्रकार की गतिविधि चल रही थी। हादसे के दौरान कितने लोग वहां मौजूद थे। एक अधिकारी ने जानकारी दी कि जांच टीम घटनास्थल का तकनीकी जांच करेगी और इसके बाद ही बिल्डिंग गिरने के स्पष्ट कारण का खुलासा हो पाएगा।

पुलिस ने सावधानी बरतते हुए पर घटनास्थल के पास बैरिकेडिंग कर दी है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आ जाने के बाद जिम्मेदारों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com