

Punjab BJP Anti Drug Yatra: पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इससे पहले राज्य में चुनावी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने आज से ड्रग्स के खिलाफ चार राज्य-व्यापी मार्च शुरू किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पठानकोट के एकता स्थल से पहले मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि, मैं यहां एक मुद्दे पर बात करने आया हूं, एक ऐसा मुद्दा जो पंजाब के हर घर में गूंजते दर्द और आवाजों को दिखाता है। मैं इस दुख में डूबे लोगों के साथ एकजुटता दिखाने आया हूं। हमें इस 'नशा मुक्त' कैंपेन को पंजाब के हर कोने तक ले जाना चाहिए और राज्य के हर पंजाबी और हर समुदाय के साथ मिलकर इसे मजबूत करना चाहिए।
नितिन नबीन ने आगे कहा कि, जब भी हमारे देश की सीमाओं पर कोई खतरा आया, पंजाब के युवा, हमारे बहादुर सैनिक, देश की रक्षा के लिए तैयार होकर, हथियारबंद होकर खड़े हो गए। लेकिन आज, पंजाब एक ऐसे दुश्मन का सामना कर रहा है जो यूनिफॉर्म नहीं पहनता। बल्कि, वह चुपचाप हमारे गांवों और घरों में घुस जाता है, धीरे-धीरे पूरे परिवारों को अपनी गिरफ्त में ले लेता है।
उन्होंने कहा, यह दुश्मन कोई और नहीं बल्कि ड्रग्स का खतरा और इसके पीछे का माफिया है। जब BJP के कार्यकर्ता और नेतृत्व कोई वादा करती है, तो उसमें उसे पूरा करने का पक्का इरादा और काबिलियत होती है।
नितिन नबीन ने कहा कि, पंजाब की पवित्र धरती एक ऐसी है धरती जिसकी मिट्टी ने गुरुओं की शिक्षाओं को आवाज दी, लौहे के दिल वाले सैनिक तैयार किए, और जिसके खेतों ने पूरे देश को अनाज का भंडार दिया। इसके एथलीटों ने खेल के मैदान में भारत के लिए मेडल जीते हैं, और इसके युवा एंटरप्रेन्योरशिप के जरिए आगे बढ़े हैं।
उन्होंने कहा कि लेकिन फिर भी आज पंजाब और इसकी युवा पीढ़ी को सिस्टम ने ड्रग्स के नशे की खाई में फंसा दिया है। इस यात्रा के जरिए, भाजपा हर घर, गांव और कस्बे तक पहुंचेगी। हम पीड़ित परिवारों के लिए आवाज उठाएंगे। हम इस सिस्टम के खिलाफ माफिया राज, गैंगस्टर कल्चर और भ्रष्टाचार में डूबे प्रशासन के खिलाफ एक मजबूत आवाज उठाएंगे। हम मौजूदा सरकार द्वारा चलाए जा रहे ड्रग्स के धंधे पर एक निर्णायक प्रहार करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के पगड़ी वाले तंज पर उन्होंने आगे कहा, मुझे उन्हें जवाब देने की कोई जरूरत नहीं है। पंजाब के लोग ही उन्हें जवाब देंगे।
BJP नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का आरोप है कि BJP यात्रा के लिए पठानकोट जाते समय उनके काफिले पर हमला हुआ। उन्होंने कहा कि, ‘मुझ पर हमला हुआ। AAP एक गैंगस्टर पार्टी बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप नेता शेरी कलसी और जोबन ने उन पर हमले का नेतृत्व किया। रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि, घटनास्थल पर AAP समर्थक , DSP, SP, वहां मौजूद थे। हमले से ठीक पहले पुलिस ने काफिले को धीमा करवाया और फिर अपराधियों को भागने में मदद की। उनका विचार एक बड़े नेता को डराना था ताकि दूसरे BJP नेताओं में डर फैल जाए। DGP और CM को शर्म आनी चाहिए।