

आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव 2027 के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।
संगरूर से लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला से टिकट मिला।
सुजानपुर, पठानकोट, अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और बठिंडा समेत कई सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए।
AAP Candidate List Punjab 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में जुटी आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी ने 31 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इसमें नए चेहरों के साथ पुराने कार्यकर्ताओं को भी मौका दिया गया है। संगरूर से लोकसभा सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने से पहले आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक हुई। इसमें पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई। बैठक के बाद पार्टी ने 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की।
AAP ने संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। मीत हेयर फिलहाल लोकसभा में संगरूर का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
इससे पहले AAP ने 31 अक्टूबर को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। इस तरह दोनों सूचियों को मिलाकर पार्टी अब तक 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है।
गौरतलब है कि अभी तक चुनाव की तारीखों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऐसा माना जा रहा है कि पार्टी ने चुनाव प्रचार में बढ़त हासिल करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है।
साथ ही, यदि टिकट कटने से किसी को असंतोष हो, तो उसे इस समय रहते संभालने का मौका मिल सके। इसके अलावा, मनीष सिसोदिया सहित कई नेता लंबे समय से पंजाब में प्रचार अभियान में सक्रिय हैं और चुनावी रणनीति तैयार कर रहे हैं।