

AAP Leader Gian Singh Mann Joined BJP: दिल्ली के बाद अब पंजाब में आम आदमी पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के चचेरे भाई और आम आदमी पार्टी के नेता ज्ञान सिंह मान भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखंड़ ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। पहले राज्यसभा के 7 सांसद और अब मुख्यमंत्री मान के भाई के पार्टी छोड़ने पर पंजाब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसा है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पंजाब कांग्रेस ने लिखा कि AAP डाउन with 7 MPs and 1 चाचे दा मुंडा। गौरतलब है कि पिछले महीने आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद पार्टी को छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। इनमें से छह को आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा भेजा था।
एक तरफ पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी अपनी दावेदारी मजबूत करने में लगी है। वहीं, सत्ताधारी आम आदमी पार्टी लगातार कमजोर होती नजर आ रही है। आम आदमी पार्टी में जारी अंदरुनी कलह अब खुलकर सामने आने लगी है। राघव चड्ढा के बगावत के बाद राज्यसभा में पार्टी बेहद कमजोर हो गई है।
पंजाब बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी दिन-प्रतिदिन मजबूत होती जा रही है। वर्तमान में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा जब उनके चचेरे भाई ज्ञान सिंह मान आज बीजेपी में शामिल हो गए।
पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष श्री सुनील जाखड़ ने ज्ञान सिंह का भाजपा परिवार में स्वागत किया और कहा कि पार्टी की लोगों के हित में नीतियों और विकास के विजन की वजह से लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी के अपने घर में ही भरोसा टूट रहा है, यह दिखाता है कि पंजाब के लोग अब झूठे वादों और दिखावटी राजनीति से थक चुके हैं।