पटाखों के लगातार विस्फोट: आग की बड़ी लपटें उठने के कारण आसपास के क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। विस्फोटों की आवाज से पूरा इलाका हिल गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। वैशाली नगर इलाके में मेहंदीबाग रोड पर फ्लाईओवर के पास गुलाम ब्रदर का मॉर्डन पटाखा गोदाम है। गोदाम के समीप अदनान फजल मूसा और विजय कुकड़े की फैंसी फ्रेम ग्लास और साईं कृपा ट्रेडर्स स्थित हैं। दोपहर में पटाखा गोदाम में अचानक आग लग गई। भारी मात्रा में पटाखे भरे होने के कारण आग फैलने में ज्यादा समय नहीं लगा। कुछ ही देर में आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। पटाखों के लगातार विस्फोट के साथ आग तेजी से फैलती गई। आग समीप मौजूद अदनान मूसा और विजय कुकड़े की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं से ढक गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। आग की गंभीरता को समझते हुए सुगतनगर, कलमना, लकड़गंज, वाठोडा, सक्करदरा, कॉटन मार्केट, सिविल और त्रिमूर्ति नगर के फायर स्टेशन से कुल 9 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।