ओडिशा में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट, बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र

ओडिसा में बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण यहां भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में भी राज्य के पश्चिम-उत्तरपश्चिम क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।
ओडिशा में अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट
ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट (सौजन्य एएनआई)
Updated on

भुवनेश्वर : ओडिशा के कई हिस्सों में शुक्रवार को जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण यहां भारी बारिश हुई और अगले दो-तीन दिनों में भी राज्य के पश्चिम-उत्तरपश्चिम क्षेत्रों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग की इस भविष्यवाणी को देखते हुए जिलाधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा नदी क्षेत्र पर चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से शुक्रवार सुबह उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, जिससे यहां जमकर बारिश हुई।

चक्रवाती परिसंचरण बढ़ रहा आगे

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इससे संबंधित चक्रवाती परिसंचरण मध्य-क्षोभमंडल स्तर तक पहुंच गया है और इसकी दिशा दक्षिण-पश्चिम की ओर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, ‘‘अगले दो से तीन दिनों में इसके गांगेय पश्चिम बंगाल और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है।''

अगले 2-3 दिन भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने राज्य के क्योंझर, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बारगढ़, देवगढ़ और अंगुल में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) ने कहा कि बालासोर, भद्रक, मयूरभंज और केंद्रपाड़ा में कुछ स्थानों पर भी भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। भारी बारिश के कारण यहां के निचले इलाके जलमग्न हो सकते हैं।

प्रशासन को तैयार रहने के निर्देश

भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग की भविष्यवाणी को देखते हुए एसआरसी ने संबंधित जिलाधिकारियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तंत्र तैयार रखने के निर्देश दे दिए हैं। इसके साथ ही परिस्थितियों से निपटने के लिए एसआरसी ने जिलाधिकारियों को नालियों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और पर्याप्त पंप की व्यवस्था किए जाने के लिए भी कहा है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com