

Assam Assembly Elections: असम विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के एक दिन बाद ही चुनाव आयोग ने राज्य के पांच जिलों के डिस्ट्रिक्ट इलेक्शन ऑफिसर्स (डीईओ) का तबादला कर दिया है। कोकराझार, माजुली, बक्सा, चिरांग और उदलगुरी जिलों में नए डीईओ नियुक्त किए गए हैं। इस संबंध में आयोग ने असम के मुख्य सचिव रवि कोटा को भी पत्र भेजकर जानकारी दी है।
पत्र के मुताबिक, कोकराझार के डीईओ पंकज चक्रवर्ती की जगह डॉ. पी. उदय प्रवीन को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं माजुली में रतुल पाठक के स्थान पर सृष्टि सिंह नई डीईओ होंगी। बक्सा जिले में धीरज साउद की जगह किमनेई चांगसन को नियुक्त किया गया है। चिरांग में गोकुल चंद्र ब्रह्मा की जगह मधुसूदन नाथ को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि उदलगुरी में पुलक पटगिरी के स्थान पर जय विकास को डीईओ बनाया गया है।
चुनाव आयोग ने सभी नए अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मंगलवार दोपहर 3 बजे तक अपनी जॉइनिंग और कामकाज से जुड़ी रिपोर्ट आयोग को भेजें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक किसी भी चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि जिन डीईओ को हटाया गया है, वे सभी असम सिविल सेवा के अधिकारी थे। उनकी जगह अब भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।
गौरतलब है कि असम के अलावा चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद प्रशासनिक स्तर पर कई बदलाव किए हैं। पश्चिम बंगाल में इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को पत्र भी लिखा है, जबकि तमिलनाडु में चार जिलों के पुलिस प्रमुखों का तबादला कर दिया गया है।