फिल्म निर्माता व अभिनेता रक्षित शेट्टी (सोर्स-सोशल मीडिया)
बेंगलुरु: मशहूर कन्नड़ एक्टर और फिल्म निर्माता रक्षित शेट्टी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सोमवार को कन्नड़ अभिनेता और फिल्म निर्माता रक्षित शेट्टी के खिलाफ उनकी फिल्म ‘बैचलर पार्टी’ में कथित तौर पर एक संगीत कंपनी के दो गानों का ‘अनाधिकृत उपयोग’ करने के लिए प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसकी सूचना बैंगलुरू पुलिस ने सोमवार को दी है।
पुलिस ने बताया कि ‘MRT Music’ के साझेदार नवीन कुमार ने शेट्टी के खिलाफ यशवंतपुरा पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक उनकी प्रोडक्शन कंपनी पर कॉपीराइट उल्लंघन का आरोप लगा है। नवीन कुमार ने कहा कि उनकी संगीत कंपनी के दो गाने ‘गालिमथु’ और ‘न्याय एल्लिदे’ का अधिकृत अनुमति प्राप्त किए बिना इस्तेमाल किया गया है, और इस संबंध में अभिनेता को नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, शेट्टी और उनकी टीम ने इस आरोप पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।
अभिजीत महेश द्वारा निर्देशित ‘बैचलर पार्टी’ फिल्म इस साल 26 जनवरी को रिलीज हुई थी और शेट्टी की कंपनी ‘परमवाह स्टूडियोज’ ने इसका निर्माण किया था। शिकायतकर्ता ने प्राथमिकी में आरोप लगाया कि शेट्टी ने प्रसारण और स्वामित्व अधिकार की अनुमति लिए बिना कॉपीराइट अधिनियम का उल्लंघन करते हुए फिल्म में इन गानों का इस्तेमाल किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस साल जनवरी में दोनों पक्षों के बीच इन गानों का फिल्म में इस्तेमाल करने के संबंध में चर्चा की गई थी, लेकिन यह असफल रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, दर्ज की गई शिकायत के आधार पर हमने 24 जून को अभिनेता के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया कि कुछ दस्तावेज भी प्राप्त हुए है जिसके आधार पर 14 जुलाई रविवार को अभिनेता को नोटिस भेजा गया, अभिनेता को आज नोटिस प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि अभिनेता अन्य फिल्म की शूटिंग के संबंध में वह अभी राज्य से बाहर है, इसलिए उनके लौटने पर हम उनका बयान दर्ज करेंगे और इस मामले की पूरी जांच करेंगे।
बैचलर पार्टी फिल्म साल 2024 में रिलीज हुई हैं, इस फिल्म में यह दिखाया गया है कि नौकरी और वैवाहिक जीवन से थक चुके एक शख्स का जीवन कैसा हो जाता है। लेकिन फिल्म को दर्शकों से अच्छी आलोचना देखने को मिली हैं।
(एडिट – नवनीत)