

Man Arrested In Yavatmal For Demanding Extortion Of ₹5 Lakh From RTO Official: स्थानीय उप-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के अधिकारी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के ट्रैप का भय दिखाकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले एक व्यक्ति को यवतमाल शहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना से आरटीओ कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रशीद मोहम्मद अहमद मोहम्मद साहब (50), निवासी कुंभारपुरा, कलंब चौक के रूप में हुई है।
यवतमाल पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी ने मोटर वाहन निरीक्षक विजयकुमार लोखंडे और विजयकुमार अल्लमवार के खिलाफ विभिन्न शिकायतें कर पिछले कई महीनों से उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया था। इस संबंध में पहले भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद उसके खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि आरोपी अधिकारियों से समझौते के नाम पर लगातार संपर्क साधता था।
इसी दौरान वह अधिकारियों को एसीबी द्वारा ट्रैप लगाए जाने की धमकी देता था और कहता था कि "तुम नौकरी में कैसे बने रहते हो, यह मैं देखता हूं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के लगातार दबाव और धमकियों के कारण संबंधित अधिकारी मानसिक तनाव में थे।
मोटर वाहन निरीक्षक विजयकुमार लोखंडे द्वारा यवतमाल शहर पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 29 मई को आरोपी आरटीओ कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से पूछा कि "5 लाख रुपये देने वाले थे, उसका क्या हुआ? शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर शहर पुलिस ने रंगदारी और धमकी देने का मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सुजाता मनवर तथा जमादार सुधीर पुसदकर कर रहे है।