दूसरे जिले से आकर गांव में बसाया 'टक्साल'; प्रिंटर से नोट छापते पकड़े गए संतोष और गणेश, मकान मालिक फरार

Fake Currency Racket Yavatmal: पुसद पुलिस की बड़ी कार्रवाई। बोरी खुर्द गांव में छप रहे थे 500 के नकली नोट। प्रिंटर, केमिकल और जाली नोटों के साथ दो गिरफ्तार, एक फरार।
Pusad Police bust a counterfeit currency racket in Bori Khurd, Yavatmal.
नकली नोट (सौजन्य-सोशल मीडिया, कंसेप्ट फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Pusad Police Raid Bori Khurd: यवतमाल जिले की पुसद पुलिस ने एक बड़े जाली नोट नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। बोरी खुर्द गांव के एक रिहाइशी मकान में चल रही इस 'मिनी नोट प्रेस' पर शनिवार शाम को हुई छापेमारी ने इलाके में सनसनी फैला दी है।

दूसरे जिले से आकर एक गांव में गुप्त रूप से नकली नोट छापने वाले गिरोह का पुलिस ने शनिवार शाम को पर्दाफाश किया। पुसद तहसील के बोरी खुर्द गांव में यह मामला सामने आया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

बोरी खुर्द निवासी विनोद केरबाजी कुरडे के घर में आरोपी संतोष जगदेव सूर्यवंशी (उम्र 49, निवासी कलमनुरी) और गणेश धर्मा गायकवाड़ (निवासी पुसद) प्रिंटर की मदद से 500 रुपये के नकली नोट छाप रहे थे। अब तक वे 500 रुपये के 15 नकली नोट छाप चुके थे। इसकी गुप्त सूचना पुसद शहर पुलिस को मिली।

पुलिस की टीम ने बिछाया जाल

उपविभागीय पुलिस अधिकारी हर्षवर्धन बी.जे. के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी सेवानंद वानखेडे के नेतृत्व में पुलिस ने जाल बिछाकर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 500 रुपये के चार असली नोट, 15 नकली नोट जब्त किए। इसके अलावा प्रिंटर, केमिकल, सादा कागज, कटर, पैड सहित अन्य सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ली।

यवतमाल पुलिस ने आरोपी संतोष सूर्यवंशी और गणेश गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि विनोद केरबाजी कुरडे फरार है। यवतमाल पुलिस कर्मचारी सुनील मदने की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एपीआई केदार, सुनील मदने, पंकज पातूरकर, शंकर तालीकोटे, खुशाल चव्हाण, जुनेद सैयद और दिनेश सोलंके ने की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com