वर्धा में सार्वजनिक स्थल पर कचरा फेंकना पड़ा भारी, युवक पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

Wardha Garbage Action: वर्धा शहर पुलिस ने सार्वजनिक स्थल पर कचरा फेंकते पकड़े गए युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई से गंदगी फैलाने वालों में हड़कंप मच गया है।
Wardha City Cleanliness Violation
वर्धा में सफाई नियम उल्लंघन की सूचना (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Wardha City Cleanliness Violation: सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ वर्धा शहर पुलिस ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। शहर थाना परिसर की सुरक्षा दीवार के पास कचरा फेंकते हुए पकड़े गए एक युवक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों में हड़कंप मच गया है।

"...यहां कचरा न डालें"

जानकारी के अनुसार, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर कई बार सड़ा-गला कचरा पड़ा दिखाई देता है। नगर प्रशासन द्वारा बार-बार लोगों से निर्धारित कचरा संग्रहण स्थलों का उपयोग करने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की जाती रही है। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। वर्धा शहर थाना परिसर की पुलिस की सुरक्षा दीवार के समीप भी अक्सर कचरा फेंका जाता है। वहां स्पष्ट रूप से सूचना पट्ट (साइन बोर्ड) लगाया गया है कि 'यह परिसर सीसीटीवी निगरानी में है, यहां कचरा न डालें।' इसके बावजूद पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) के दौरान एक युवक को वहां कचरा फेंकते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम सूरज लक्ष्मण पचारे (23), निवासी सुकलीबाई बताया। पुलिस द्वारा कचरा फेंकने का कारण पूछने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच में यह भी सामने आया कि बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद संबंधित युवक उसी स्थान पर बार-बार कचरा फेंक रहा था। लोगों का मानना है कि यदि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रही, तो स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

मामले को पुलिस प्रशासन ने लिया गंभीरता से

पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर सड़ा-गला कचरा फेंकने से दुर्गंध फैलती है और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर पुलिस ने युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 280 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की नागरिकों में व्यापक चर्चा हो रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com