जुबान खोल दी तो भागने की जगह नहीं बचेगी... शिवसेना नेता साहेबराव कांबले ने कांग्रेस को दी चेतावनी

Shiv Sena Press Conference: उमरखेड़ में हाल ही में शिवसेना में शामिल हुए साहेबराव कांबले ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कई आरोप लगाए और खुलकर बोलने की चेतावनी दी।
Congress Leaders Allegation Maharashtra
शिव सेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस (सोर्स- फोटो नवभारत)
Updated on

Congress Leaders Allegation Maharashtra: हाल ही में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) में शामिल हुए वरिष्ठ नेता साहेबराव कांबले ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि यदि उन्होंने अपनी जुबान खोलकर सच्चाई उजागर कर दी, तो कांग्रेस नेताओं के लिए भागने की जगह नहीं बचेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने हर चुनाव में उनके साथ विश्वासघात किया और जब उनकी नाजायज आर्थिक मांगें पूरी नहीं हुईं, तो उन्हें दुर्भावनापूर्वक पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।

सोमवार को अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांबले ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए विधानसभा, कॉटन मार्केट और नगर परिषद चुनावों में पूरी निष्ठा से काम किया था। नगर परिषद में सत्ता स्थापित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसके बावजूद, विधान परिषद चुनाव में तात्कालिक परिस्थितियों का आकलन करने के बाद जब उन्होंने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली, तो कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उन पर गद्दारी का झूठा आरोप लगाकर बिना किसी कारण बताओ नोटिस के उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया।

कांग्रेस के नेताओं पर लगाया काम चोरी का आरोप

साहेबराव कांबले ने आगे कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेताओं की निष्क्रियता के कारण ही उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कई नेताओं ने पार्टी के संसाधनों का उपयोग तो किया, लेकिन वे मतदाताओं तक पहुंचने के बजाय अपने घरों में बैठे रहे।

इसी तरह, कॉटन मार्केट चुनाव में भी कांग्रेस के भीतर हुई गुटबाजी और भीतरघात के कारण उनका पैनल महज तीन मतों से हार गया। उन्होंने यह दावा भी किया कि नगर परिषद का चुनाव कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर नहीं, बल्कि दूसरे चुनाव चिह्न पर लड़ा और जीता गया था; इसलिए नगर परिषद की सत्ता का श्रेय कांग्रेस कतई नहीं ले सकती।

उन्होंने कहा कि अब वे शिवसेना के माध्यम से नगर परिषद और उमरखेड़ क्षेत्र के विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। कांग्रेस नेताओं ने उन्हें 192 में से 183 मत दिलाने का भरोसा दिया था, लेकिन वास्तव में केवल 34 सदस्य ही उनके समर्थन में दिखे।

अब शिवसेना की नीतियों को घर-घर पहुंचाएंगे

उन्होंने बताया कि अब वे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना की जनहितैषी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव 'शिवसेना शाखा' और 'घर-घर शिवसैनिक' अभियान चलाया जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज स्मारक आंदोलन से जुड़े शिवसैनिक रमेश चव्हाण पर हुए जानलेवा हमले की कड़े शब्दों में निंदा की तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

इस पत्रकार परिषद में चितांगराव कदम, प्रवीण पाटील मिरासे, एडवोकेट संजीवकुमार जाधव तथा रविकांत रुडे सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com