यवतमाल में अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग पर छापा, सप्लाई विभाग की कार्रवाई; 20 सिलेंडर जब्त

Yavatmal Illegal Gas Cylinder Refilling: यवतमाल के वैशाली नगर में अवैध गैस सिलेंडर रिफिलिंग पर तहसील आपूर्ति विभाग ने छापा मारकर 20 सिलेंडर और 28 हजार रुपये का माल जब्त किया।
Raid on Illegal Gas Cylinder Refilling in Yavatmal; Supply Department Takes Action, 20 Cylinders Seized
अवैध गैस रिफिलिंग,(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Yavatmal Gas Cylinder Seizure: यवतमाल शहर के वैशाली नगर, वाघापुर रोड परिसर में अवैध रूप से गैस सिलेंडर रिफिलिंग किए जाने की गुप्त सूचना मिलने पर तहसील कार्यालय के आपूर्ति विभाग ने शनिवार (9 मई) को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक दुकान पर छापा मारा। इस कार्रवाई में कुल 20 गैस सिलेंडर सहित लगभग 28 हजार रुपये का माल जब्त किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैशाली नगर स्थित "चव्हाण गैस शेगडी रिपेयरिंग नामक दुकान में अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण और रिफिलिंग की जा रही थी। पुख्ता सूचना के आधार पर तहसील कार्यालय यवतमाल की टीम ने संबंधित दुकान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान 5 किलो क्षमता वाले 17 गैस सिलेंडर तथा 14 किलो वजन वाले 5 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। पंचों की मौजूदगी में पंचनामा कर सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया।

अवैध गैस रिफिलिंग पर कार्रवाई, आरोपी हिरासत में

इस मामले में कैलास हरिसिंग चव्हाण (उम्र 50 वर्ष, निवासी वैभवनगर, प्रियदर्शनी नगर) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और न ही किसी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सका। इससे स्पष्ट हुआ कि सिलेंडरों का उपयोग अवैध भंडारण और रिफिलिंग के लिए किया जा रहा था।

इसके बाद आरोपी तथा जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए लोहरा पुलिस थाने लाया गया। निरीक्षण अधिकारी निलेश भारस्कर कालेकर की लिखित शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 और 7 के तहत अपराध क्रमांक 199/2026 दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।

आपूर्ति विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अवैध गैस सिलेंडर भंडारण अथवा रिफिलिंग का कार्य न करे। यदि कहीं ऐसी गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल प्रशासन को सूचना दें। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई जिलाधिकारी विकास मीना, जिला आपूर्ति अधिकारी संघपाल मेश्राम तथा तहसीलदार डॉ. योगेश देशमुख के मार्गदर्शन में निरीक्षण अधिकारी निलेश कलस्कर, आपूर्ति निरीक्षक सीमा दोंदल, महसूल सहायक विष्णु डोलसे और लेखा अधिकारी नरेंद्र राजपूत की टीम ने की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com