यवतमाल में आदिवासी छात्रावास प्रवेश प्रक्रिया शुरू, हॉस्टल में प्रवेश की पहली मेरिट सूची 6 जुलाई को

Yavatmal School News: आदिवासी विकास विभाग द्वारा शासकीय छात्रावास प्रवेश व स्वयंम योजना का शेड्यूल जारी। 6 जुलाई को प्री-मैट्रिक की पहली मेरिट सूची आएगी, जबकि उच्च पाठ्यक्रमों की 22 जुलाई को।
Yavatmal Adivasi Vikas Vibhag
स्कूल स्टूडेंट्स प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Yavatmal Adivasi Vikas Vibhag: शैक्षणिक सत्र 2026-27 शुरू हो चुका है और स्कूल, विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में पढ़ाई भी आरंभ हो गई है। इसी के मद्देनजर आदिवासी विकास विभाग ने राज्य के शासकीय छात्रावासों में प्रवेश तथा 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्वयंम योजना' की प्रवेश प्रक्रिया की आधिकारिक समय-सारिणी जारी कर दी है।

आदिवासी विकास आयुक्त लीना बनसोड ने सभी अपर आयुक्तों, परियोजना अधिकारियों और छात्रावास अधीक्षकों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

विभिन्न पाठ्यक्रमों के अनुसार आवेदन करने और मेरिट सूची जारी करने की तिथियां तय की गई हैं। प्री-मैट्रिक (मैट्रिक-पूर्व) विद्यार्थियों के नए प्रवेश आवेदन 16 जून से शुरू हो चुके हैं और उनकी पहली मेरिट सूची 6 जुलाई को जारी की जाएगी।

मेरिट सूची 22 जुलाई को प्रकाशित होगी

वहीं जूनियर कॉलेज, डिप्लोमा, स्नातक (ग्रेजुएशन), स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) तथा व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए नए आवेदन 1 जुलाई से शुरू होंगे। इन सभी पाठ्यक्रमों की मेरिट सूची 22 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी। इसके अलावा, 1 जुलाई से स्वयंम योजना के आवेदन का रिन्यूअल भी किया जा सकेगा।

यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी। पात्र आवेदनों के वेरिफिकेशन की पूरी जिम्मेदारी छात्रावास अधीक्षकों को सौंपी गई है। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी स्थिति में अपात्र आवेदन स्वीकृत न किए जाएं।

आदिवासी विकास आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रावासों की स्वीकृत क्षमता 100 प्रतिशत भर जाने का प्रमाणपत्र संबंधित अधीक्षक से प्राप्त होने के बाद ही परियोजना अधिकारी स्वयंम योजना के लिए विद्यार्थियों के आवेदनों का वर्गीकरण करेंगे।

शासकीय छात्रावास के लिए निजी भवनों से प्रस्ताव आमंत्रित

यवतमाल जिले के वणी स्थित 250 छात्र क्षमता वाले 'आदिवासी बालक शासकीय छात्रावास' में प्रवेशित विद्यार्थियों के आवास हेतु वणी शहर में सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त निजी भवन किराये पर उपलब्ध कराने के इच्छुक व्यक्तियों अथवा संस्थाओं से सीलबंद प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी सहायक जिलाधिकारी तथा परियोजना अधिकारी रेवैयाह डोंगरे ने दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com