Yavatmal: ST बस के अचानक फेल हुए ब्रेक; प्लेटफॉर्म चीरते हुए अंदर घुसी बस! मंजर देख यात्रियों के उड़े होश

Yavatmal MSRTC Bus Accident: यवतमाल जिले के आर्णी बस स्टैंड पर मंगलवार की शाम एक खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब पुसद डिपो की एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए।
A major disaster was averted at Arni Bus Stand, Yavatmal, as an MSRTC bus suffered brake failure.
बस के ब्रेक हुए फेल (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Yavatmal MSRTC Bus Accident: यवतमाल जिले के आर्णी संभाग में मंगलवार शाम करीब 5:20 बजे आर्णी बस स्टैंड पर एक बड़ा हादसा टल गया। पुसद डिपो की बस (क्रमांक एमएच 40 वाय 5018) को प्लेटफॉर्म पर लगाते समय अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए और बस सीधे बस स्टेशन परिसर में घुस गई।

गनीमत रही कि उस समय प्लेटफॉर्म पर कोई यात्री मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। यह बस पुसद से आर्णी मार्ग होते हुए यवतमाल तक नियमित फेरा लगाती है। साथ ही पुसद डिपो से सामग्री की आपूर्ति भी इसी बस से की जाती है। घटना के दिन 17 फरवरी को बस आर्णी प्लेटफार्म पर लगाई जा रही थी।

चालक शेख निसार ने ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक काम नहीं करने के कारण बस अनियंत्रित होकर सीधे बस स्टेशन में घुस गई। हादसे में बस का अगला केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि बस स्टेशन के अवरोध के कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। चालक पूरी तरह सुरक्षित है।

परीक्षा के चलते टला बड़ा अनर्थ

आर्णी बस स्थानक प्रमुख देवेंद्र धारवड़ ने कहा, "आर्णी शहर के सभी विद्यालयों में इन दिनों घटक आंतरिक परीक्षा चल रही है। परीक्षा के कारण विद्यार्थी सामान्य दिनों की तुलना में जल्दी घर लौट गए थे। रोजाना शाम 5 बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद बस स्टैंड पर छात्रों की भारी भीड़ रहती है। ऐसे में यदि उस समय विद्यार्थी मौजूद होते तो गंभीर हादसा हो सकता था। छात्रों की अनुपस्थिति के कारण संभावित बड़ा अनर्थ टल गया।"

Navbharat Live
navbharatlive.com