

Wardha Savings Group Loan Investigation: वर्धा नगर परिषद की स्थायी समिति की बैठक सोमवार को नगराअध्यक्ष डॉ. सुधीर पांगुल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 35 प्रस्तावों पर चर्चा की गई, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, जल सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों के विकास तथा नागरिकों के लिए नई सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले प्रस्ताव प्रमुख रहे। इस दौरान 2021-22 में बचत गुट के कर्ज वितरण में हुई अनियमितता का मुद्दा बैठक में सर्वाधिक चर्चा में रहा। अनियमितता की जांच करने के लिए समिति नियुक्त की गई है।
वर्धा नगर परिषद के अंतर्गत 550 बचतगुट पंजीकृत है। वर्ष 2021-22 में प्रशासक राज के दौरान बचतगुटों के लिए विविध उद्योग शुरू करने के दृष्टीकोण से कर्ज वितरित करने सरकार से 47 लाख रूपए की निधि प्राप्त हुई थी नियुक्त 13 सदस्यीय संघ पर कर्ज वितरित करने की जिम्मेदारी थी। करीब 19 लाख रूपयों का कर्ज वितरित किया। आरोप है कि संबंधित कर्मचारियों ने करीबी बचतगुट को कर्ज वितरित किया, जिसपर पहले से बकाया कर्ज था।
ऐसे लोगों को कर्ज वितरित कर अनियमितता का आरोप महिला बालकल्याण समिति की सभापति स्नेहा आकरे ने किया, इस मामले की जांच व कर्ज वितरित की गई राशि वसूल करने के लिए समिति नियुक्त की गई है।
वर्धा नगर परिषद में आयोजित बैठक में नगराध्यक्ष सुधीर पांगुल, उपाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर बालकल्याण सभापति स्नेहा आकरे, जलापूर्ति सभापति शुभांगी कोलते, बांधकाम सभापति राखी पांडे, सोहन ठाकुर, विलास आगे, सतिश मिसाल व अन्य नगरसेवक तथा विविध विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
वर्धा नगर परिषद की स्थायी समिति बैठक में गणेशोत्सव को देखते हुए पुराने विसर्जन कुंड की मरम्मत और नए कुंड तैयार करने का प्रस्ताव भी महत्वपूर्ण रहा। इससे आगामी गणेश विसर्जन के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के दृष्टीकोण से प्रयास किया गया।