

Talegaon Gram Panchayat Reservation 2026: आगामी तलेगांव श्यामजी पंत ग्राम पंचायत चुनाव के मद्देनजर सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली वार्डवार आरक्षण प्रक्रिया रविवार को संपन्न हुई। इसके साथ ही ग्राम पंचायत के सरपंच पद का आरक्षण भी घोषित कर दिया गया है। सरपंच पद ओबीसी सामान्य (पुरुष/महिला) वर्ग के लिए आरक्षित होने के बाद गांव की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और संभावित उम्मीदवारों ने अपनी चुनावी रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
वार्डवार आरक्षण की घोषणा के बाद कई नए राजनीतिक समीकरण सामने आए हैं। कुछ पुराने दिग्गज नेताओं को झटका लगा है, जबकि नए चेहरों और विशेष रूप से महिला उम्मीदवारों के लिए चुनावी मैदान में उतरने का अवसर खुल गया है।
घोषित आरक्षण के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 में दो सीटें सामान्य (महिला) तथा एक सीट सामान्य (पुरुष/महिला) के लिए आरक्षित की गई है। वार्ड क्रमांक 2 में एक सीट ओबीसी (पुरुष/महिला), एक सामान्य (पुरुष/महिला) तथा एक सामान्य (महिला) वर्ग के लिए आरक्षित है। वार्ड क्रमांक 3 में एक सीट ओबीसी (पुरुष/महिला), एक सामान्य (पुरुष/महिला) तथा एक सामान्य (महिला) वर्ग के लिए आरक्षित की गई है।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 4 में अनुसूचित जाति (महिला) और अनुसूचित जनजाति (पुरुष/महिला) के लिए आरक्षण घोषित किया गया है। वार्ड क्रमांक 5 में ओबीसी (महिला), सामान्य (महिला) और अनुसूचित जाति (पुरुष/महिला) वर्ग को प्रतिनिधित्व दिया गया है। वहीं वार्ड क्रमांक 6 में ओबीसी (महिला), सामान्य (महिला) तथा सामान्य (पुरुष/महिला) वर्ग के लिए सीटें आरक्षित की गई हैं।
वार्ड आरक्षण घोषित होने के बाद सभी की निगाहें सरपंच पद के आरक्षण पर टिकी थीं। सरपंच पद ओबीसी सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित घोषित होते ही गांव की राजनीतिक गणनाएं तेजी से बदलने लगी हैं। इस वर्ग से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं और युवा दावेदारों ने अपने-अपने पैनल तैयार करने तथा समर्थकों से संपर्क बढ़ाने की कवायद शुरू कर दी है। गांव में अब यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि आगामी चुनाव में सरपंच पद का प्रमुख दावेदार कौन होगा। राजनीतिक चौपालों और सामाजिक बैठकों में इसी विषय पर चर्चाएं हो रही हैं।
इस बार बड़ी संख्या में सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होने के कारण ग्राम पंचायत की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और प्रभाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
जिन वार्डों में महिला आरक्षण लागू हुआ है, वहां कई इच्छुक पुरुष उम्मीदवार अपनी पत्नी, माता या अन्य महिला परिजनों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं सामान्य श्रेणी की सीटों पर सामाजिक कार्यों से जुड़े युवा और वरिष्ठ कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं तथा मतदाताओं से संपर्क अभियान शुरू कर चुके हैं।
वार्डवार आरक्षण और सरपंच पद की घोषणा के साथ ही तलेगांव श्यामजी पंत ग्राम पंचायत चुनाव का बिगुल बज चुका है। अब गांव में चुनावी माहौल पूरी तरह बन गया है और हर चौक-चौराहे पर चुनावी चर्चाएं सुनाई दे रही हैं।