वर्धा में चोरों का तांडव: एक ही रात में तीन दुकानों के शटर उठाए, ज्वेलर्स से 8.30 लाख के माल पर साफ किया हाथ

Wardha Crime News: वर्धा के रामनगर थाना क्षेत्र की म्हाडा कॉलोनी में चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। आई भवानी ज्वेलर्स से चांदी और नकदी समेत ₹8.30 लाख की बड़ी चोरी को अंजाम दिया।
Thieves targeted three shops in a single night at Wardha's Mhada Colony, decamping with cash and silver worth Rs 8.30 lakh from a jewelry store. Police probe on.
चोरों का तांडव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Wardha Crime Jewelry Shop Theft Ramnagar Police Station: संवेदनशील माने जाने वाले शहर के रामनगर थाना क्षेत्र में एक ही रात में चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह मामला पुरानी म्हाडा कॉलोनी स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सामने आते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चोरों ने करीब 8 लाख 30 हजार रुपये के माल पर हाथ साफ किया। शातिर चोरों द्वारा इस बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद क्षेत्र में यह चर्चा भी रही कि चोरों ने मानो नवनियुक्त थानाप्रमुख को 'सलामी' दी हो।

घटना के बाद दुकानदारों और नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, म्हाडा कॉलोनी स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में संजय उडवंत की आई भवानी ज्वेलर्स, डॉ। पराग शेंडे का गजानन हॉस्पिटल तथा परीक्षित शेळके की इलेट्रिक व्हीकल सर्विस एवं स्पेयर पार्ट्स की दुकान है। सोमवार रात तीनों अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। देर रात चोरों ने तीनों दुकानों को

निशाना बनाया। चोरों ने लोहे के शटर किसी वस्तु की सहायता से ऊपर उठाए और भीतर प्रवेश कर चोरी को अंजाम दिया। उल्लेखनीय है कि डॉ. पराग शेंडे ने कुछ ही दिनों पूर्व अपना क्लिनिक शुरू किया था, जहां चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। वहीं परीक्षित शेळके की दुकान में भी चोरी का प्रयास विफल रहा। लेकिन संजय उडवंत की आई भवानी ज्वेलर्स से चांदी, नकदी सहित अन्य सामग्री मिलाकर लगभग 8 लाख 30 हजार रुपये का माल चोरी कर लिया गया।

मंगलवार सुबह क्षेत्र के लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, डीवाईएसपी प्रमोद मकेश्वर तथा रामनगर की थानेदार पौर्णिमा राखुंडे ने घटनास्थल का निरीक्षन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के निर्देश पर थाने की 4 टीमें रवाना

चोरी की घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रामनगर थाने की चार टीमें अलग-अलग दिशाओं में रवाना की गई हैं। वर्धा शहर से गुजरने वाले हाईवे तथा जिला मार्गों के टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।

महिला थानाप्रमुख के सामने बड़ी चुनौती

उल्लेखनीय है कि रामनगर पुलिस थाना अत्यत्त संवेदनशील माना जाता है। थाना क्षेत्र में आए दिन आपराधिक घटनाएं सामने आ रही है। चोरी की घटनाओं के अलावा अवैध शराब बिक्री और तस्करी, स्वावलंबी मैदान पर नशेड़ियों और गांजा सेवन करने वालों का जमावड़ा, गांजा और एमडी ड्रग्स की बिक्री, जुआ और सट्टापट्टी जैसे अवैध

कारोबार पर अंकुश लगाना अब नवनियुक्त महिला थानाप्रमुख के सामने बड़ी चुनौती बन गया है। गौरतलब है कि इन्हीं कारणों से तत्कालीन थानेदार का रामनगर से अन्यत्र तबादला किया गया था। अब क्षेत्र के नागरिकों को नई महिला थानाप्रमुख से काफी उम्मीदें हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com