

Pulgaon Amravati Highway ST Bus Accident Auto Rickshaw Crash: पुलगांव-अमरावती मार्ग पर वर्धा नदी के समीप स्थित रिवर प्वाइंट क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चंद्रपुर-अमरावती मार्ग पर संचालित राज्य परिवहन निगम (एसटी) की बस और एक ऑटो रिक्शा के बीच हुई जोरदार टक्कर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य परिवहन निगम की बस क्रमांक एमएच-14 एमएच-2734 चंद्रपुर से अमरावती की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से पुलगांव की दिशा में आ रहा ऑटो रिक्शा क्रमांक एमएच-32 एके-0587 रिवर प्वाइंट के पास बस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि ऑटो आष्टा (भिकाजी महाराज) क्षेत्र से पुलगांव की ओर आ रहा था। हादसे के समय ऑटो में चालक सहित कुल सात यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय नागरिक तुरंत सहायता के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की।
सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए वर्धा जिले के सावंगी स्थित अस्पताल रेफर कर दिया। घायलों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति संबंधी विस्तृत जानकारी समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध नहीं हो सकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही मंगरुल पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य करने का प्रयास किया। हादसे के कारण कुछ घंटों तक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी थी। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। मंगरुल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और बस चालक सहित संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।