वर्धा के नितेश कराले को LCB ने अमरावती से उठाया, आपत्तिजनक वीडियो मामले में जेल भेजे गए मास्तर

Nitesh Karale Arrested: आपत्तिजनक वीडियो मामले में NCP शरद पवार प्रवक्ता नितेश कराले को हिरासत में लिया गया। वर्धा कोर्ट ने पुलिस कस्टडी खारिज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
nitesh karale arrested amravati sent to wardha jail
नितेश कराले (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nitesh Karale In Wardha Jail: वर्धा जिला में सोशल मीडिया पर एक विशिष्ट समाज के खिलाफ कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रदेश प्रवक्ता नितेश कराले को स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने अमरावती से हिरासत में लिया।

गुरुवार को मेडिकल जांच के बाद उन्हें वर्धा न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने पुलिस हिरासत की मांग खारिज करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। इसके बाद कराले को जेल भेज दिया गया।

नितेश कराले सोशल मीडिया पर अपनी अलग शैली में वीडियो बनाकर पोस्ट करने के लिए जाने जाते हैं। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरदचंद्र पवार गुट के प्रदेश प्रवक्ता भी हैं। 31 जुलाई को आरक्षण हटाव से संबंधित उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि इस वीडियो में उन्होंने एक विशिष्ट समाज के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके बाद संबंधित समाज की भावनाएं आहत होने की शिकायत पुलिस से की गई।

दो मामलों में दर्ज हुआ प्रकरण

शिकायत के आधार पर वर्धा जिले के पुलिस थाने में 19 अगस्त को कराले के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सामने आए एक अन्य वीडियो को लेकर भी उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। इसमें न्यायपालिका के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप है।

दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज होने के बाद से कराले पुलिस की पकड़ से बाहर थे। उनकी तलाश के लिए स्थानीय अपराध शाखा ने अलग-अलग दिशाओं में तीन टीमें रवाना की थीं। पुलिस उनकी संभावित लोकेशन पर लगातार नजर रख रही थी।

nitesh karale arrested amravati sent to wardha jail
वर्धा जिले में नहीं थम रहा आत्महत्याओं का सिलसिला, किसान- युवा और महिलाएं तनाव के आगे हार रहे जिंदगी

तपोवन परिसर से हिरासत में लिया

वर्धा पुलिस के अनुसार, गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 12.30 बजे LCB की टीम ने नितेश कराले को अमरावती के तपोवन परिसर से हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस टीम उन्हें लेकर वर्धा पहुंची और तड़के करीब 3.30 बजे शहर में पहुंचने के बाद कराले को शहर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार शाम उन्हें वर्धा न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए उनकी हिरासत की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने उन्हें पुलिस कस्टडी देने के बजाय न्यायिक हिरासत (MCR) में भेजने का आदेश दिया।

इसके बाद पुलिस ने कराले को जेल भेज दिया। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो और दर्ज मामलों के संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com