वर्धा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर फिल्मी पीछा, चोरी की कार सहित आरोपी गिरफ्तार

Wardha car crime: वर्धा में NH-44 पर पेट्रोलिंग के दौरान चोरी की कार सहित आरोपी गिरफ्तार। हैदराबाद भागने की कोशिश नाकाबंदी में नाकाम हुई।
Filmy chase on Wardha National Highway-44, accused arrested along with stolen car.
प्रतीकात्मक तस्वीर ( सोर्स: सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Wardha Police Arrest Chase: वर्धा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए चोरी की कार सहित एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई सोमवार, 2 फरवरी को महामार्ग पुलिस केंद्र, जाम द्वारा की गई। आरोपी हैदराबाद की ओर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस के मुस्तैद दस्ते ने नाकाबंदी कर उसे दबोच लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को वरोरा निवासी प्रभाकर येरणे ने वरोरा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कार क्रमांक एमएच 46 जेड 9416 तथा कार में रखी 60 हजार रुपये नकद राशि की चोरी हो गई है।

इसी अपराध के संदर्भ में मिली जानकारी के आधार पर 2 फरवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर महामार्ग पुलिस केंद्र जाम की टीम पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध कार हैदराबाद की दिशा में जाती हुई दिखाई दी।

फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ा पुलिस द्वारा वाहन रोकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने लगा।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए संदिग्ध वाहन का पीछा किया और मौजा आजंती शिवर में नाकाबंदी कर वाहन को रोका।

वाहन चालक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रमोद अजाबराव मडावी (40) निवासी पाटनबोरी, तहसील केळापुर, जिला यवतमाल बताया। वाहन की तलाशी के दौरान कार में एमएच 46 जेड 9416 नंबर की दो नंबर प्लेट बरामद हुई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उक्त वाहन चोरी की ही कार है।

इसके बाद आरोपी और वाहन को पुलिस केंद्र जाम लाया गया। इस कार्रवाई की सूचना वरोरा पुलिस थाने के जांच अधिकारी सहायक पुलिस निरीक्षक झांबरे को दी गई। ये अपने स्टाफ के साथ जाम पहुंचे, जहां आगे की जांच के लिए आरोपी और कार उन्हें सुपुर्द की गई।

यह पूरी कार्रवाई प्रभारी अधिकारी महामार्ग पुलिस केंद्र जाम के दिलीप थाटे के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक प्रमोद धोटे, पुलिस हवलदार विकास काकड़े, रंजीत फाले, चंद्रकांत जिवतोड़ और महिला पुलिस सिपाही आरती हुरले द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com