सेवाग्राम विकास योजना के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करें, समिक्षा बैठक में पालकमंत्री भोयर के निर्देश

Guardian Minister Pankaj Bhoyar: पालकमंत्री भोयर ने पूर्ण हो चुके कार्यों की देखरेख की जिम्मेदारी सामाजिक संस्थाओं को सौंपने को सहमति दी तथा इन कार्यों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समिक्षा बैठक में पालकमंत्री भोयर के निर्देश
समिक्षा बैठक में पालकमंत्री भोयर के निर्देश (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Wardha District: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि रहे वर्धा शहर एवं सेवाग्राम क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढीकरण के लिए राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत सेवाग्राम विकास योजना के अंतर्गत जो कार्य लंबित हैं, उन्हें शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश पालकमंत्री डॉ.पंकज भोयर ने दिए हैं। डॉ. भोयर की अध्यक्षता में जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक में जिलाधिकारी वान्मथी सी. मुख्य कार्यकारी अधिकारी पराग सोमण, पुलिस अधीक्षक अनुराग जैन, उपवन संरक्षक हरविर सिंह, जिला नियोजन अधिकारी अनिरुद्ध राजुरवार, कार्यकारी अभियंता सतीश अंभोरे, उप अभियंता महेश मोकलकर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। सेवाग्राम विकास योजना के लिए शासन द्वारा ₹244.08 करोड़ की प्रशासकीय मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत 145 कार्यों को स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिनमें से 107 कार्य पूर्ण हो चुके हैं।

प्रगति कार्यों की विस्तृत समीक्षा

हालांकि, शेष कार्य धीमी गति से प्रगति कर रहे हैं। इन कार्यों में तेजी लाने एवं आ रही समस्याओं का त्वरित समाधान निकालने के लिए पालकमंत्री ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। डॉ. भोयर ने धाम नदी किनारे और इको फॉरेस्ट पार्क के लिए ड्रिप सिंचाई प्रणाली, वरुड एवं पवनार गांवों के सीमेंट कंक्रीट मार्ग, ग्रामपंचायत भवन, खुली जगहों का सौंदर्यीकरण, लक्ष्मीनारायण मंदिर क्षेत्र में हेरिटेज ट्रेल, विज़िटर फैसिलिटी सेंटर तथा हेरिटेज नोड पर सूचना फलक जैसे कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

मल्टीमीडिया तकनीक का उपयोग

पालकमंत्री ने कहा कि सेवाग्राम आने वाले पर्यटकों को महात्मा गांधी का संपूर्ण परिचय देने के लिए निरंतर गांधी और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी-एक अनुभूति नामक एक विशेष इंटरएक्टिव प्रदर्शनी का निर्माण किया जा रहा है, जिसमें मल्टीमीडिया तकनीक का उपयोग होगा। यह कार्य जे।जे। स्कूल ऑफ आर्ट, मुंबई को सौंपा गया है और समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, सेवाग्राम आश्रम में प्रस्तावित आर्ट गैलरी में संग्रहित साहित्यिक सामग्री का प्रस्तुतीकरण भी किए जाने की बात कही गई।

सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव

पालकमंत्री ने पूर्ण हो चुके कार्यों की देखरेख, रखरखाव की जिम्मेदारी सामाजिक संस्थाओं को सौंपने की सहमति व्यक्त की तथा इन संस्थाओं को प्राथमिकता से इन कार्यों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का सुझाव भी इस बैठक में डॉ़. पंकज भोयर ने उपस्थितों को दिया़।

Navbharat Live
navbharatlive.com