जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया बैल पोला, बैलों की सजावट रही आकर्षण का केन्द्र

Bail Pola
Published on: 
Updated on: 

वर्धा. पोला पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. शहर सहित जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर बैल पोले का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान अपने बैलों के साथ शामिल हुए. साजसज्जा के साथ बैलों की जोड़ियां आकर्षण का केन्द्र बनी रही. बैंड बाजे के साथ किसान बैलों को लेकर पोले में शामिल हुए. किसानों में अच्छा खासा उत्साह देखा गया.

पूजा अर्चना के बाद गांव में घुमाया गया

पोला पर्व को लेकर घरों में सुबह से ही खुशनुमा माहौल बना रहा. इस दिन कृषि कार्य पूरी तरह से बंद रखे गए. किसानों के कृषि में सहयोग करने वाले बैलों को पूरी तरह से आराम दिया गया. इस दौरान सुबह से ही किसान बैलों को सजाते हुए दिखाई दिए. शाम में आकर्षक रूप में साजसज्जा हुए बैलों को लेकर किसान पोले में पहुंचे. जहां पूजा अर्चना के बाद बैलों को घर ले जाकर पूजा की गई. पूरनपोली का भोग लगाया गया. पश्चात गांव में बैलों को घुमाया गया.

दोपहर से ही गूंजी बैंड बाजे की धुन

सजे धजे बैलों को लेकर किसान बैंड बाजे के साथ पोले में सहभागी हुए, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे़  शहर में दोपहर से ही बैंड बाजे की धुन सुनाई दे रही थी़  शहर के सर्कस ग्राउंड मैदान पर शहीद भगतसिंग व्यायाम मंदिर की ओर से बैल पोले का आयोजन किया गया़  इसमें बड़ी संख्या में किसान अपनी बैलजोड़ी लेकर सहभागी हुए़  नागरिकों की उपस्थिति में सर्कस ग्राउंड मैदान पर यात्रा का स्वरूप प्राप्त हो गया था़  उसी प्रकार आर्वी नाका, बोरगांव मेघे, सिंदी मेघे, पालोती, शांतिनगर, सेवाग्राम, नालवाडी, पिपरी मेघे परिसर में किया गया.

बैलजोड़ी की साजसज्जा के साथ मनाया गया 

इस प्रसंग पर दहेगांव निवासी धनराज विजय गावंडे ने अपनी बैलजोड़ी को सजाकर पोला उत्सव मनाया़  उसी प्रकार वर्धा तहसील के कुपटी निवासी अरूण वैद्य के घर की बैलजोड़ी सजाकर परिवार समेत पूजा अर्चना की़  शहर समीपस्थ पालोती में इस बार रमेश खंडागले की बैलजोड़ी को पोले में पूजन का बहुमान मिला.