

Wadala Kasarvadavali Metro Line 4 News: वडाला-कासारवडवली मेट्रो परियोजना को बड़ी प्रशासनिक रफ्तार मिल गई है। मोघरपाड़ा कारशेड तक एप्रोच रोड और स्पर लाइन निर्माण के लिए 0.39 हेक्टेयर मैंग्रोव वन भूमि के हस्तांतरण को अंतिम मंजूरी मिलने से लंबे समय से अटका रास्ता साफ हो गया है।
हालांकि, इस फैसले से मैंग्रोव क्षेत्र प्रभावित होगा। लेकिन राज्य सरकार ने पर्यावरणीय शर्तों के कड़ाई से पालन के साथ परियोजना को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे मुंबई-ठाणे को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन-4 और 4ए के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
राजस्व व वन विभाग ने केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के नागपुर क्षेत्रीय कार्यालय से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने और सभी निर्धारित शर्तों के अनुपालन की पुष्टि के बाद भूमि हस्तांतरण को अंतिम मंजूरी दी है। मोघरपाड़ा में प्रस्तावित कारशेड के लिए भूमि अधिग्रहण पहले ही पूरा किया जा चुका है।
अब कारशेड तक पहुंचने के लिए 65 मीटर लंबी एप्रोच रोड, स्पर लाइन और अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के दौरान मैंग्रोव प्रकोष्ठ नियमित निगरानी करेगा, ताकि पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
करीब 32.32 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन-4 वडाला से कासारवडवली तक मुंबई और ठाणे को जोड़ेगी। इस ग्रीन कॉरिडोर पर कुल 32 स्टेशन होंगे, जबकि मेट्रो लाइन-4ए के तहत कासारवडवली से गायमुख तक दो नए स्टेशन विकसित किए जाएंगे।
परियोजना पूरी होने पर एलबीएस मार्ग और पूर्वदुतगति महामार्ग पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है। फिलहाल, मेट्रो लाइन-4ए का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि लाइन-4बी पर जल्द काम शुरू होने की संभावना है।
अधिकारियों के अनुसार यदि कार्य निर्धारित समय के अनुसार पूरा हुआ तो वडाला से कासारवडवली तक मेट्रो सेवा अगस्त 2026 तक शुरू हो सकती है, जबकि गायमुख तक विस्तार 2029-30 तक यात्रियों के लिए उपलब्ध होने की संभावना है।