'माधुरी' कोल्हापुर में ही रहेगी, CM फडणवीस से मिली वंतारा की टीम, कर दिया ये बड़ा ऐलान

Madhuri Elephant Vantara: वंतारा ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए नया ऐलान किया है। वंतारा का कहना है कि माधुरी को अदालत के आदेश पर यहां लाया गया था। लेकिन अब उसने एक अहम फैसला लिया है।
vantara-team-meets-cm-fadnavis-madhuri-elephant-to-stay-in-kolhapur
हथिनी 'माधुरी' (सोर्स- सोशल मीडिया)
Updated on

Vantara on Madhuri:  बॉम्बे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट द्वारा माधुरी नामक हथिनी को कोल्हापुर से वंतारा भेजने के फैसले का कड़ा विरोध हो रहा है। इस बीच वंतारा ने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए नया ऐलान किया है। वंतारा का कहना है कि माधुरी को अदालत के आदेश पर यहां लाया गया था। लेकिन अब उसने एक अहम फैसला लिया है।

लोगों की भावनाओं और माधुरी के प्रति उनके लगाव को देखते हुए कोल्हापुर में एक पुनर्वास केंद्र बनाने का फैसला किया गया है। माधुरी को कोल्हापुर से वंतारा भेजने पर विवाद शुरू हो गया है। ऐसे में वंतारा ने एक प्रेस रिलीज के ज़रिए औपचारिक बयान जारी किया है।

वंतारा ने जारी किया बयान

प्रेस रिलीज में वंतारा ने कहा, "हम जैन मठ और कोल्हापुर के लोगों के मन में माधुरी के प्रति गहरी आस्था और पारंपरिक महत्व का सम्मान करते हैं। माधुरी पिछले कई दशकों से धार्मिक आयोजनों का एक अहम हिस्सा रही है। हम माधुरी के प्रति आपके लगाव और चिंता को अच्छी तरह समझते हैं।" माननीय सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए, हमें माधुरी को कोल्हापुर से वंतारा लाना पड़ा। न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति में माधुरी को वंतारा स्थानांतरित किया गया। इस कदम का उद्देश्य माधुरी को आवश्यक देखभाल और स्वास्थ्य सहायता प्रदान करना था।

वंतारा ने की नई पेशकश

वंतारा की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि हम किसी भी कीमत पर जानवरों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजने या धार्मिक गतिविधियों में बाधा डालने का समर्थन नहीं करते हैं। लेकिन हमने जानवरों की देखभाल करने का संकल्प लिया है। इसलिए, हम जैन मठ और सरकार के सहयोग से कोल्हापुर में ही माधुरी के लिए एक सैटेलाइट पुनर्वास केंद्र बनाना चाहते हैं।

फडणवीस से मिली वंतारा की टीम

आज मुंबई में वंतारा प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों ने सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मुलाकात की। जिसमें वंतारा प्रबंधन ने फडणवीस को आश्वासन दिया कि वंतारा ने माधुरी हथिनी से जुड़ी दायर याचिका के संबंध में सकारात्मक विचार करने का निर्णय लिया है।

कहां बनेगा पुनर्वास केंद्र?

वंतारा कोल्हापुर में ही माधुरी को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करेगा। यह नया पुनर्वास केंद्र कोल्हापुर के नंदिनी क्षेत्र में बनाया जाएगा। मठ और सरकार के सहयोग से एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया जाएगा, जो इस पर एक प्रस्ताव प्रस्तुत करेगी और हाथियों के लिए एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का पुनर्वास केंद्र बनाया जाएगा।

वंतारा के अनुसार, यह केवल एक सुझाव है, जो किसी भी तरह से बाध्यकारी नहीं है। हम अन्य लोगों के विचारों का भी सम्मान करते हैं। अगर जैन मठ सहित किसी के पास कोई और उपाय हो, तो वे अपनी राय ज़रूर साझा कर सकते हैं। अदालत के निर्देशों के अनुसार उस पर काम किया जाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com