अमेरिकी राजदूत ने मुंबई के पहले गणेश पंडाल में की पूजा, बप्पा को बताया प्रेरणा स्रोत
गणेशोत्सव के मौके पर अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी मुंबई की श्री सार्वजनिक गणेशोत्सव संस्था पहुंचे और वहां भगवान गणेश की पूजा अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनके और लाखों अमेरिकी लोगों के जीवन में भी भगवान गणेश प्रेरणा स्रोत हैं।
- Written By: रीना पंवार
(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
मुंबई : देशभर में गणेशोत्सव का 10 दिवसीय महापर्व धूम-धाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर आज अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी भी मुंबई की श्री सार्वजनिक गणेशोत्सव संस्था पहुंचे और वहां भगवान गणेश की पूजा अर्चना की। इस दौरान वे काफी उत्साहित दिखे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उनके और लाखों अमेरिकी लोगों के जीवन में भी भगवान गणेश प्रेरणा स्रोत हैं।
अमेरिकी राजदूत ने गणपति पंडाल में पूजा के बाद अपने संदेश में कहा ‘‘लॉस एंजिलिस के मेयर और भारत के राजदूत के तौर पर मैंने हमेशा से अपने कार्यालय और घर में भगवान गणेश की एक मूर्ति रखी है, जिनसे मुझे प्रेरणा मिलती है।” अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने आगे कहा कि अमेरिका में कई समुदायों के लोगों के दिलों में भगवान गणेश के लिए विशेष स्थान है और अमेरिकी लोग भी विघ्नहर्ता, सुख समृद्धिदायक गणेशजी की पूजा करते हैं।
सबसे पहले यहीं से शुरू हुआ था गणेश उत्सव
गौरतलब है कि मुंबई के गिरगांव इलाके में श्री सार्वजनिक गणेशोत्सव संस्था ने 1901 में केशवजी नायक चॉल में गणेश उत्सव का आयोजन शुरू किया था और इसे जन-जन तक पहुंचाया था। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने यहां से गणेश उत्सव को सार्वजनिक कार्यक्रम का रूप दिया था जिसके बाद से महाराष्ट्र समेत पूरे देश में हर साल गणेशोत्सव धूम-धाम से मनाया जाने लगा।
सम्बंधित ख़बरें
गणेशोत्सव के बाद भंडारा में ‘हडपक्या गणपति’ की धूम, धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक
Nagpur News: मस्कर्या गणपति का आगमन, बुधवार को स्थापना होगी, 238 साल पुरानी परंपरा जारी
अगले बरस तू जल्दी आ…लालबागचा राजा पहुंचे गिरगांव चौपाटी, थोड़ी देर में हाेगा विसर्जन
अमृता फडणवीस ने उठाया झाड़ू, साथ आए अक्षय कुमार! गणेश विसर्जन के बाद जुहू बीच पर चला सफाई अभियान
देशभर में मनाया जा रहा गणेशोत्सव
देशभर में 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत 7 सितंबर से हो चुकी है जिसका समापन 19 सिंतबर को अनंत चतुर्दशी के दिन गणपति विसर्जन के साथ हो जाएगा। वैसे तो, गणेश उत्सव पूरे देश में ही बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाया जाता है, लेकिन, महाराष्ट्र में इसकी अलग ही रौनक देखने को मिलती है। यहां कई प्रसिद्ध मंडल हैं जिनके गणपति देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी प्रसिद्ध हैं। हर साल इस मौके पर देश-विदेश से यहां भक्त गणपति के दर्शनों के लिए आते हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
