बदलापुर केस: दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनका साथ दे रही शिंदे सरकार, उद्धव ठाकरे ने लगाया आरोप

विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी ने बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न के विरोध में 24 अगस्त को पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया था। हालांकि, बॉम्बे हाई कोर्ट ने राजनीतिक दलों या व्यक्तियों को 24 अगस्त या आगे की किसी तारीख पर प्रस्तावित महाराष्ट्र बंद का आह्वान करने से रोक दिया।
बदलापुर केस: दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उनका साथ दे रही शिंदे सरकार, उद्धव ठाकरे ने लगाया आरोप
दोषियों का साथ दे रही शिंदे सरकार ( फोटो सौजन्य- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

मुंबई: बदलापुर घटना को लेकर पूरे राज्य में आक्रोश देखने को मिल रहा है। सभी पार्टियों ने इस हैवानियत की घटना की निंदा की है। इस बीच, शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने शनिवार को शिंदे सरकार पर अपराधियों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह दुख की बात है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में शामिल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय महाराष्ट्र सरकार उनके साथ खड़ी है।

ठाकरे ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों और बदलापुर में दो बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न को लेकर एक प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘महायुति' सरकार को हटाना जरूरी है।

ठाकरे ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘यह दुख की बात है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय वह उनके साथ खड़ी है।''

महाराष्ट्र बंद का आह्वान पर रोक

विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) ने बच्चियों के कथित यौन उत्पीड़न के विरोध में 24 अगस्त को पूरे राज्य में बंद का आह्वान किया था। हालांकि, बंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों या व्यक्तियों को 24 अगस्त या आगे की किसी तारीख पर प्रस्तावित महाराष्ट्र बंद का आह्वान करने से रोक दिया था।

बहन सुरक्षित तो घर सुरक्षित

ठाकरे ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से ‘बहन सुरक्षित तो घर सुरक्षित' नारे के साथ हस्ताक्षर अभियान चलाने के लिए कहा, जिसे बाद में बंबई उच्च न्यायालय में पेश किया जाएगा।

ठाकरे ने कहा, ‘‘अदालत ने हमारा बंद रोक दिया, लेकिन हमारी आवाज नहीं दबाई जा सकती।''

चार साल की दो बच्चियों का यौन उत्पीड़न

जानकारी के लिए बता दें कि ठाणे जिले के बदलापुर स्थित एक स्कूल में एक पुरुष सहायक ने चार साल की दो बच्चियों का कथित यौन उत्पीड़न किया था, जिसके विरोध में मंगलवार को वहां बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुआ था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जहां अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com