ठाणे में गहराया जल संकट: 29 लाख की आबादी के लिए टीएमसी के सिर्फ 6 पानी टैंकर, घोड़बंदर के लोग टैंकरों के भरोसे

Thane Water Crisis: ठाणे के घोड़बंदर इलाके में पानी की भारी किल्लत है। नगर निगम के पास महज 6 टैंकर हैं, जिससे निवासी करोड़ों रुपये खर्च कर निजी टैंकरों पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
Thane Ghodbunder Road Water Problem
विधायक संजय केलकर से चर्चा करते ठाणे निवासीफोटो नवभारत
Published on
Updated on

Thane Ghodbunder Road Water Problem: पानी की किल्लत से जूझ रहे ठाणे शहर में नगर निगम के पास पूरे शहर की जरूरत पूरी करने के लिए महज 6 पानी के टैंकर होने का मामला आया है। भाजपा विधायक संजय केलकर ने आरोप लगाया कि इसके कारण घोड़बंदर क्षेत्र की आवासीय सोसायटियों को मजबूरी में निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है,जिसके लिए उन्हें करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि निजी टैंकरों की संख्या का आंकड़ा तक ठाणे मनपा के पास उपलब्ध नहीं है।

ठाणे में पानी समस्या बढ़ी

विधायक संजय केलकर ने पानी की समस्या को लेकर ठाणे मनपा अधिकारियों और स्थानीय निवासियों के प्रतिनिधियों के साथ घोड़बंदर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान मानपाड़ा की हिलक्रिस्ट सोसायटी, एनजी रेसिडेंसी, पातलीपाड़ा-हीरानंदानी क्षेत्र, ऋतु एस्टेट, क्लासिक कॉसमॉस, यशस्वीनगर म्हाडा सोसायटी, मरीआई नगर-ढोकाली, वसंत विहार, रजनीश हवामहल और पिनैकल सोसायटी समेत कई इलाकों के नागरिकों ने पानी की समस्या बताई।

ठाणे की सोसायटियों में कुछ मिनटों के लिए मिलता है पानी

ठाणे के निवासियों ने शिकायत की कि कुछ सोसायटियों में केवल कुछ मिनट पानी मिलता है, जबकि कहीं एक घंटे तक आपूर्ति होती है। कई स्थानों पर सुबह या शाम को भी पर्याप्त पानी नहीं मिलने की शिकायत की गई।

ठाणे मनपा के अधिकारियों ने समस्याओं का जायजा लेकर उनके समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने और तकनीकी अड़चनों को तत्काल दूर करने का निर्णय लिया। केलकर ने अनधिकृत नल कनेक्शनों के जरिए हो रही कथित पानी चोरी पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।

Thane Ghodbunder Road Water Problem
नवी मुंबई बनेगी देश की पहली AI सिटी, सरकार ने रेडी किया इंफ़्रारोडमैप, 300 एकड़ में 11 अरब डॉलर का निवेश

625 मिलियन लीटर की जरूरत

विधायक संजय केलकर के अनुसार, ठाणे शहर की दैनिक पानी की जरूरत करीब 625 मिलियन लीटर है, जबकि वर्तमान में लगभग 40 मिलियन लीटर पानी की कमी है। घोड़बंदर क्षेत्र को ही कम से कम 10 मिलियन लीटर अतिरिक्त पानी की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनपा के पास पर्याप्त टैंकर नहीं होने से निजी टैंकर संचालकों पर निर्भरता बढ़ रही है।

भाजपा विधायक ने मांग की कि अतिरिक्त पानी की जरूरत पूरी करने के लिए कच्चे पानी को शुद्ध कर आपूर्ति की जाए अथवा स्टेम, भातसा या मुंबई मनपा के माध्यम से तत्काल अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे घोड़बंदर क्षेत्र में पानी का दबाव बढ़ेगा और निवासियों को पर्याप्त आपूर्ति मिल सकेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com