प्रेमी के लिए पत्नी ने मारकर तालाब में फेंका, खंबे से चिपककर पति ने बचाई जान और फिर...

Woman Tried to Kill Husband: महाराष्ट्र के ठाणे में पत्नी ने प्रेमी और सहयोगियों संग पति की हत्या की साजिश रची। पिटाई के बाद उसे मुंब्रा खाड़ी में फेंक दिया गया, लेकिन वह खंभे से चिपककर बच गया।
Pond
सांकेतिक तस्वीर (Image- Social Media)
Updated on

Thane News: महाराष्ट्र के ठाणे शहर की पुलिस ने एक महिला को अपने पति की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पति पर हमला कर उसे एक तालाब में फेंकने के बाद वह चमत्कारिक तरीके से बच निकला, जिसके बाद उसकी पत्नी की सच्चाई सामने आ गई। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में आरोपी महिला के प्रेमी और दो अन्य लोगों की तलाश जारी है, जो कथित रूप से अपराध में शामिल हैं।

कपूरबावड़ी पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में, 43 वर्षीय पीड़ित ने बताया कि उसने 2013 में आरोपी महिला से शादी की थी और उनका एक बच्चा भी है। साथ ही उसने कहा कि वह अपनी पत्नी के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का विरोध करता था।

जानकारी मिली है कि 22 सितंबर की सुबह करीब 2:30 बजे, आरोपी महिला ने अपने पति को ठाणे शहर के बालकुम इलाके में बुलाया। वहां उसके प्रेमी और दो अन्य लोगों ने पीड़ित की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद वे लोग उसे मुंब्रा खाड़ी में लेकर गए और पानी में फेंक दिया। धारा में बह जाने के बावजूद पीड़ित ने किसी तरह एक खंभे से पकड़ बना ली। स्थानीय निवासी और मछुआरों ने बाद में उसे बचाया और सरकारी कलवा अस्पताल ले गए।

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद, पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया, '23 सितंबर को मामला दर्ज किया गया और अगले दिन शिकायतकर्ता की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। महिला के प्रेमी और उसके दो साथियों की तलाश जारी है।'

Navbharat Live
navbharatlive.com