

ठाणे शहर की 27 लाख आबादी के लिए 1,350 बसों की सख्त जरूरत है।
वर्तमान में TMT के बेड़े में सिर्फ 381 बसें ही सड़कों पर दौड़ रही हैं।
एनसीपी नेता मनोज प्रधान ने रिंग मेट्रो के लिए सेवा कमजोर करने का आरोप लगाया।
केंद्र सरकार से मिली 98 नई बसें अब तक यात्रियों के लिए शुरू नहीं हुईं।
बसों की भारी कमी से यात्री निजी वाहनों और ऑटोरिक्शा पर निर्भर हो रहे हैं।
Thane Bus Shortage News: ठाणे शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था चरमरा गई है। ठाणे शहर व आसपास के उपनगर में बढ़ती आबादी के मुकाबले ठाणे मनपा परिवहन सेवा (TMT) के बेड़े में बसों की संख्या बेहद कम है।
जानकरों के मुताबिक शहर को जहां कम से कम 1,350 बसों की जरूरत है, वहीं वर्तमान में केवल 381 बसें ही सड़कों पर दौड़ रहीं हैं।
ठाणे में सार्वजनिक बस सेवा की गंभीर स्थिति पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के जिला अध्यक्ष मनोज प्रधान ने आरोप लगाया है कि रिंग मेट्रो परियोजना के लिए TMT सेवा को जानबूझकर कमजोर तो नहीं किया जा रहा है?
मनोज प्रधान ने कहा कि ठाणे की परिवहन सेवा शहर की जीवनरेखा है, लेकिन नीतिगत निर्णयों की कमी और कथित भ्रष्टाचार के कारण इसकी स्थिति प्रभावित हुई है। TMT को मजबूत करने के बजाय बसों की संख्या बढ़ाने के मामले में सत्ताधारी और प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
प्रधान ने कहा कि वर्तमान में TMT के बेड़े में कुल 407 बसें हैं, जिनमें से लगभग 381 बसें ही यात्री सेवा के लिए उपलब्ध हैं। इनमें धर्मवीर आनंद दिघे डिपो की 230, कोपरी डिपो की 117 और वागले डिपो की 34 बसें शामिल हैं। इन बसों का संचालन 112 मार्गों पर किया जाता है।
उन्होंने बताया कि पुणे स्थित सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट (CIRT) के दिशानिर्देशों के मुताबिक प्रति एक लाख आबादी पर कम से कम 50 बसें होनी चाहिए। अनुमानित आबादी 27 लाख होने के कारण ठाणे शहर को 1,350 बसों की आवश्यकता है। इसके मुकाबले मौजूदा उपलब्धता काफी कम है। वर्ष 2026-27 में लगभग 370 नई इलेक्ट्रिक और डबल डेकर बसें बेड़े में शामिल करने की योजना है। इसके बाद भी कुल संख्या करीब 777 होगी और 573 बसों की कमी बनी रहेगी।
प्रधान ने यह भी सवाल उठाया कि केंद्र सरकार से मिली 98 बसों को अब तक यात्रियों की सेवा में क्यों नहीं लगाया गया? उन्होंने कहा कि मौजूदा इलेक्ट्रिक बसों के भी रास्ते में खराब होने की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे में नई बसों के संचालन और रखरखाव को लेकर प्रशासन को स्पष्ट नीति बतानी चाहिए।
बसों की कमी के कारण पीक आवर्स में यात्रियों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। सार्वजनिक परिवहन की सीमित उपलब्धता से लोग निजी वाहनों और ऑटोरिक्शा पर निर्भर हो रहे हैं, जिससे यातायात पर भी दबाव बढ़ रहा है। TMT पर यात्रियों का अतिरिक्त बोझ भी बढ़ रहा है।