

Thane College Admission: 12 वीं बोर्ड के एग्जाम में लगभग 96 प्रतिशत मार्क प्राप्त करने वाले एक छात्र ने महज इसलिए आत्महत्या कर ली,कि उसे अपने पसंदीदा कॉलेज में एडमिशन नहीं मिल पाया। यह हृदयविदारक घटना ठाणे के घोडबंदर स्थित प्रतिष्ठित आवासीय परिसर हीरानंदानी इस्टेट में घटी है।
सोचनीय प्रश्न है कि इतने अच्छे अंक लाने के बाद भी छात्रों पर इतना दबाव किस चीज का है? 17 साल के बच्चे ने इसलिए अपनी जान दे दी क्योंकि उसे अपनी पसंद के कॉलेज में दाखिला नहीं मिल रहा था। बताया गया कि उसे IIEST में एडमिशन चाहिए था लेकिन एंट्रेंस एग्जाम में उसकी रैंक 10474 थी इसलिए उसे पसंद का कॉलेज नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि हीरानंदानी एस्टेट में रहने वाला छात्र शाम करीब 7.30 बजे साइकिल चलाने की बात कहकर घर से निकला था। करीब 8.15 बजे उसने व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज भेजा। फोन बंद मिलने पर परिजनों ने कसारवडवली पुलिस को सूचना दी। तलाश के दौरान छात्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में अपार्टमेंट के पास फुटपाथ पर मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। ठाणे पुलिस के मुताबिक, घोड़बंदर रोड स्थित ने शुक्रवार शाम अपने परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में जान देने का संदेश भेजा। इससे पहले कि परिवार कुछ कर पाता, उसने एक आवासीय इमारत की 22वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
परिवार के अनुसार उसका सपना इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी, शिबपुर से बीएस-एमएस की ड्यूल डिग्री करना था। हालांकि, एप्टीट्यूड टेस्ट में 10474वीं रैंक आने के कारण उसे वहां सीट नहीं मिल पाई। इस प्रतिष्ठित संस्थान में दाखिला न मिलने के बाद से वह बहुत ज्यादा दुखी और निराश था।