

Thane Ring Metro Alignment Protest: ठाणे शहर में इंटरनल रिंग मेट्रो के अलाईनमेंट को लेकर विरोध बढ़ता ही जा रहा है। अब ग्लैडिस अल्वारेस रोड से प्रस्तावित मेट्रो मार्ग को लेकर स्थानीय रहवासियों का विरोध तेज हो गया है।
शनिवार को महामेट्रो के प्रशासक सुरेश पाखरे के साथ हुई बैठक में ग्लैडिस अल्वारेस रोड क्षेत्र की 40 से अधिक सोसायटियों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ हिरानंदानी एस्टेट और लोकमान्य नगर के रहवासी भी शामिल हुए। बैठक में सभी ने मेट्रो के प्रस्तावित मार्ग को बदलकर DP Road के रास्ते, पहाड़ी के तल से होते हुए, वैकल्पिक अलाईनमेंट अपनाने की मांग प्रमुखता से रखी।
रहवासियों का कहना है कि प्रस्तावित DP Road अलाईनमेंट से मेट्रो के साथ-साथ भविष्य के रिंग रेल प्रोजेक्ट और क्षेत्र के नियोजित विकास को भी गति मिल सकती है। इससे नए विकसित हो रहे इलाके में यात्रियों की संख्या और मेट्रो की राइडरशिप बढ़ने की संभावना है।
बैठक में यह भी कहा गया कि ग्लैडिस अल्वारेस रोड के निवासियों के लिए मेट्रो लाइन-4 पहले से ही पैदल दूरी पर उपलब्ध है। ऐसे में उसी क्षेत्र से नई मेट्रो लाइन ले जाने से रहवासियों को कोई विशेष अतिरिक्त लाभ नहीं मिलेगा। इसके विपरीत, घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में निर्माण कार्य से बड़े पैमाने पर नागरिक प्रभावित हो सकते हैं।
रहवासियों ने दावा किया कि मौजूदा अलाईनमेंट से 50 हजार से अधिक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। निर्माण के दौरान हरित क्षेत्र और पेड़ों को नुकसान, पाइपलाइनों के टूटने से पानी की बर्बादी, बिजली, वाई-फाई और पाइप्ड गैस जैसी आवश्यक सेवाओं में व्यवधान तथा प्रदूषण और सुरक्षा संबंधी समस्याओं की आशंका जताई गई।
बैठक में घनी आबादी वाले रिहायशी परिसरों या सोसायटियों के सामने स्टेशन बनाए जाने का 100 प्रतिशत विरोध दर्ज कराया गया। रहवासियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मुख्य मांग मेट्रो लाइन को विकसित हो रहे DP Road क्षेत्र की ओर रीरूट करने की है।
हिरानंदानी एस्टेट के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं और वैकल्पिक सुझाव महा मेट्रो के समक्ष रखे। इस पर महा मेट्रो की ओर से आश्वासन दिया गया कि संबंधित स्ट्रेच पर अंतिम निर्णय होने तक काम शुरू नहीं किया जाएगा। साथ ही जल्द ही महा मेट्रो के प्रबंध निदेशक (MD) के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करने की बात कही गई।
ग्लैडिस अल्वारेस रोड, निहारिका, टाटा ग्लैन्डेल, लोकपुरम, लोकउपवन, वसुंधरा, आशर एज और हिरानंदानी एस्टेट सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव लिखित रूप में सौंपे। रहवासियों ने ठाणे मनपा आयुक्त, महा मेट्रो MD, टाउन प्लानर्स और संबंधित अधिकारियों से संयुक्त रूप से प्रस्ताव पर विचार कर व्यापक जनहित में निर्णय लेने की अपील की है।