

Raj Valmiki Arrested In Thane: ठाणे शहर में पुलिस महकमे को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। रात में ड्यूटी के दौरान गश्त कर रहे एक पुलिस उपनिरीक्षक (PSI) पर हमले के बाद उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक अधिकारी की पहचान किसन भोईर के रूप में हुई है। घटना के बाद चितलसर पुलिस ने मुख्य आरोपी एवं स्थानीय गुंडे राजू वाल्मिकी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शहर के चितलसर मानपाड़ा पुलिस थाने के PSI किसन भोईर रात के समय अपने क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ शराब की दुकानें देर रात तक अवैध रूप से चल रही हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम कार्रवाई के लिए संबंधित स्थान पर पहुंची थी।
बताया जा रहा है कि मौके पर राजू वाल्मिकी नाम का एक स्थानीय गुंडा सार्वजनिक स्थान पर शराब पीता हुआ मिला। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और कार्रवाई के लिए पुलिस वाहन में बैठने को कहा। इसी बात को लेकर PSI किसन भोईर और राजू वाल्मिकी के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि बहस के दौरान राजू वाल्मिकी ने PSI किसन भोईर को जोर से धक्का दे दिया। अचानक लगे धक्के से भोईर अपना संतुलन खो बैठे और जमीन पर गिर गए। गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लगी। उन्हें पास के ही एक निजी अस्पताल ले जाया गया। बताया गया कि चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ड्यूटी के दौरान एक पुलिस अधिकारी की मौत की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था से जुड़े सवाल भी खड़े किए हैं। पीएसआई भोईर के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी थे,इसके बावजूद आरोपी को कोई डर नहीं लगा,और उसने पुलिस अधिकारी पर हमला कर दिया। ठाणे पुलिस घटना की जांच कर रही है।