

Thane Paper Boats In Guinness World Record: ठाणे के प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता आनंदश्री ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए एक घंटे में सबसे अधिक कागज़ की नाव बनाने का नया Guinness World Records अपने नाम दर्ज कराया है।
10 जून 2026 को किए गए इस रिकॉर्ड प्रयास में प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता ने मात्र एक घंटे में 275 कागज़ की नावें बनाईं। इससे पहले इस श्रेणी में 250 कागज़ की नावों का रिकॉर्ड था।
निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक प्रमाणों की पुष्टि के बाद Guinness World Records की ओर से लंदन से ई-मेल द्वारा डॉ. दिनेश गुप्ता को इस रिकॉर्ड की पुष्टि की गई।
एक घंटे में 275 कागज की नावें बनाकर नया Guinness World Record अपने नाम करने के साथ प्रो. डॉ. दिनेश गुप्ता आनंदश्री ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस रिकॉर्ड के बाद उनके नाम अब कुल 10 Guinness World Records दर्ज हो गए हैं।
लगातार नए रिकॉर्ड बनाकर उन्होंने अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया है। उनकी इस उपलब्धि को ठाणे जिला सहित शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने गौरवपूर्ण बताया है।
डॉ. गुप्ता की उपलब्धियों में रचनात्मक गतिविधियों के साथ सामाजिक संदेश देने का प्रयास भी प्रमुख रहा है। उनका कहना है कि रिकॉर्ड बनाने के साथ समाज और बच्चों के लिए सकारात्मक संदेश पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता है।
डॉ. दिनेश गुप्ता ने बताया कि इस रिकॉर्ड प्रयास का उद्देश्य केवल विश्व रिकॉर्ड बनाना नहीं था, बल्कि इसके माध्यम से एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश देना भी था। आज के दौर में बच्चों का प्रकृति से दूर होना और प्राकृतिक वातावरण से उनका संपर्क कम होना चिंता का विषय है।
कागज़ की नाव बनाने की इस गतिविधि के माध्यम से उन्होंने बच्चों को प्रकृति के करीब आने, रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और प्रकृति से जुड़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें केवल डिजिटल दुनिया तक सीमित न रखकर प्रकृति, रचनात्मकता और वास्तविक अनुभवों से भी जोड़ना आवश्यक है।