ठाणे: मीरारोड में खुलेगा नया राशन कार्यालय, 42 दुकानों का होगा संचालन, नरेंद्र मेहता के प्रयासों को मिला यश

Thane New Ration Office: मीरारोड में नए राशन कार्यालय को मंजूरी मिल गई है। 42 राशन दुकानों का संचालन यहीं से होगा, जिससे 15 लाख नागरिकों को राशन कार्ड संबंधी कार्यों में बड़ी राहत मिलेगी।
Thane New Ration Office Approved 42 Shops Benefit 15 Lakh People Mira Road
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Thane New Ration Office Approved: मीरा- भाईंदर के करीब 15 लाख नागरिकों को जल्द ही राशन कार्ड से जुड़े कामों के लिए लंबी कतारों और बार-बार भाईंदर कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। महाराष्ट्र सरकार ने मीरारोड में नए राशन वितरण कार्यालय की स्थापना को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।

यह कार्यालय 42 अधिकृत राशन दुकानों का संचालन करेगा और बढ़ती आबादी को देखते हुए राशन व्यवस्था को अधिक सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय विधायक नरेंद्र मेहता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर बताया था कि मीरा- भाईंदर की आबादी 15 लाख से अधिक हो चुकी है और हर वर्ष 30 से 50 हजार लोगों की वृद्धि हो रही है।

पूरे शहर में केवल एक राशन वितरण कार्यालय होने से नया राशन कार्ड बनवाने, नाम जोड़ने-हटाने, पता बदलने और अन्य कार्यों के लिए नागरिकों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने मीरा रोड में नया कार्यालय तत्काल शुरू करने की मांग की थी।

MLA मेहता के प्रयासों को मिला यश

गौरतलब है विधानसभा क्षेत्रवार राशन वितरण कार्यालयों के पुनर्गठन के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक राशन वितरण कार्यालय स्थापित करने की नीति बनाई गई थी। इसी क्रम में 146-ओवला माजिवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए माजिवाड़ा में नया कार्यालय प्रस्तावित था।

हालांकि, समीक्षा में सामने आया कि मीरा- भाईंदर से माजिवाड़ा की लगभग 20 किलोमीटर दूरी, घोड़बंदर रोड पर भारी यातायात और दुर्घटना की आशंका के कारण इस क्षेत्र की 39 राशन दुकानों को माजिवाड़ा कार्यालय से जोड़ना नागरिकों और प्रशासन दोनों के लिए व्यावहारिक नहीं होगा। राशन नियंत्रक एवं नागरिक आपूर्ति निदेशक ने भी इसे अव्यवहारिक बताते हुए मीरारोड में अलग कार्यालय स्थापित करने की सिफारिश की थी।

सरकार ने सिफारिश किया स्वीकार

राज्य सरकार ने इस सिफारिश को स्वीकार करते हुए 39 मौजूदा और 3 अतिरिक्त यानी कुल 42 अधिकृत राशन दुकानों के लिए मीरा रोड में नया कार्यालय मंजूर किया है। इसके बाद वर्तमान भाईंदर राशन कार्यालय के अधीन 122 दुकानों में से 80 दुकानें भाईंदर कार्यालय के पास रहेंगी, जबकि 42 दुकानें नए मीरारोड कार्यालय के अधीन आएंगी।

नए कार्यालय के लिए राशन अधिकारी, सहायक राशन वितरण अधिकारी, राशन वितरण निरीक्षक, क्लर्क-टाइपिस्ट सहित कुल 24 पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें नियमित पदों के अलावा चतुर्थ श्रेणी के कुछ पद आउटसोर्सिंग व्यवस्था के माध्यम से भरे जाएंगे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com