भाजपा ने भेदा शिंदे का किला, बदलापुर और अंबरनाथ नगर परिषद में खिला कमल

Thane Elections Results: ठाणे जिले में भाजपा का दबदबा रहा। कुलगांव-बदलापुर और अंबरनाथ नगर परिषद में भाजपा उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद जीता। अंबरनाथ में तेजश्री करंजुले ने 6261 वोटों से बड़ी जीत दर्ज की।
eknath shinde and devendra fadnavis
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Ambernath And Badlapur Nagar Parishad Election Result: ठाणे जिले में हुए नगर परिषद के चुनाव में भाजपा का दबदबा दिखाई दिया है, जिसके चलते जिले की कुलगांव बदलापुर और अंबरनाथ नगर परिषद में भाजपा का कमल खिल गया है। इन दोनों नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद पर भाजपा के प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज कराई है।

कुलगांव-बदलापुर नगर परिषद में भाजपा आरपीआई गठबंधन की रुचिता घोरपड़े ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है। वहीं अंबरनाथ नगर परिषद के चुनाव में सीधे जनता द्वारा नपा अध्यक्ष का चयन किया जाना था। शनिवार को हुए मतदान तथा रविवार की सुबह शुरू हुई वोटों की हुई गिनती में भाजपा की तेजश्री करंजुले ने शिवसेना की उम्मीदवार मनीषा वालेकर को 6261 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया। अपनी जीत के साथ ही भाजपा की तेजश्री करंजुले ने अपने ससुर की जीत का इतिहास दोहराया।

भाजपा की तेजश्री ने अपने ससुर की जीत का इतिहास दोहराया

इससे पहले साल 2005 में नपा के अध्यक्ष का चुनाव भी जनता के वोटों से हुआ था। तब तेजश्री करंजुले के ससुर गुलाबराव करंजुले पाटिल ने शिवसेना के टिकट पर नपा अध्यक्ष का चुनाव जीता था। कुलगांव-बदलापुर के 24 वार्ड में नगरसेवक पद की 49 सीटों में से 25 सीटें भाजपा-राष्ट्रवादी, आरपीआई गठबंधन ने जीती है। इससे कुलगांव बदलापुर नपा में भाजपा राष्ट्र‌वादी गठबंधन की सत्ता पक्की हो गई है। शिवसेना शिंदे गुट के 24 उम्मीदवार चुनाव जीते। सिगल दल में शिवसेना सबसे बड़े बदल के रूप में उभरकर आया है। कुलगांव-बदलापुर नपा के आम चुनाव के नतीजे रविवार को घोषित किए गए। आदर्श विद्या मंदिर स्कूल में वोटों की गिनती शुरू हुई। सबसे पहले नपा अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के वोटों की गिनती शुरू हुई और भाजपा की उम्मीदवार रुचिता घोरपड़े की जीत हासिल गई।

अंबरनाथ में 2 हिंदी भाषी महिलाएं विजयी

अंबरनाथ नगर परिषद में नगरसेवकों में सबसे बड़े दल के रूप में 27 सीटें हासिल कर शिंदे शिवसेना सामने आयी है। भाजपा 14 सीटे लेकर दूसरे तथा 12 सीटें पाकर कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही कांग्रेस का यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस 4 तथा 2 निर्दलीय उम्मीदवार जीतने में कामयाब रहे।

अंबरनाथ नगर परिषद चुनाव में 2 हिंदी भाषी महिलाएं तथा एक अल्पसंख्यक समाज के प्रत्याशी ने सफलता अर्जित की है। शिवसेना शिंदे गुट से किरण प्रमोद कुमार चौबे ने वार्ड क्रमांक 5 ब से 1636 के मार्जिन से तथा मीनू रवींद्र सिंह उर्फ बबलू सिंह ने भाजपा के टिकट पर प्रभाग 4 से चुनाव जीता। इसी तरह शिवसेना शिंदे गुट के वरिष्ठ नगरसेवक अब्दुल भाई शेख ने भी जीत का सिलसिला बरकरार रखा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com