ठाणे मनपा का कड़ा कदम, दिवा-मुंब्रा में अवैध निर्माण रोकने विशेष टीम गठित, गणेशोत्सव के बाद कार्रवाई

Thane news: ठाणे मनपा ने दिवा व मुंब्रा में अवैध निर्माण रोकने के लिए विशेष टीम बनाई है। गणेशोत्सव के बाद व्यावसायिक और निर्माणाधीन इमारतों पर कार्रवाई तेज की जाएगी।
ठाणे अवैध निर्माणों पर कार्रवाई (pic credit; social media)
ठाणे अवैध निर्माणों पर कार्रवाई (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra News: गणेशोत्सव के बाद अवैध निर्माणों पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में ठाणे मनपा ने दिवा और मुंब्रा क्षेत्रों में विशेष टीम का गठन कर दिया है। यह टीम उन सभी अवैध निर्माणों की जांच और निगरानी करेगी, जो व्यावसायिक प्रकृति के हैं या जिनमें कोई निवास नहीं करता।

मनपा आयुक्त राज राव ने शनिवार को विभाग प्रमुखों की बैठक में इस कार्रवाई की समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त संदीप मालवी, प्रशांत रोडे, परिवहन प्रबंधक भालचंद्र बेहरे, मुख्य लेखा एवं वित्त अधिकारी दिलीप सूर्यवंशी, नगर नियोजन सहायक निदेशक संग्राम कानडे सहित अन्य विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

227 अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई

उपायुक्त शंकर पटोले ने बताया कि अब तक 227 अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और 24 मामले दर्ज किए गए हैं। मुख्य पर्यावरण अधिकारी मनीषा प्रधान ने मनपा आयुक्त को गणेश प्रतिमा कार्यशालाओं और विसर्जन व्यवस्थाओं की जानकारी दी।

आयुक्त राव ने स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव के दौरान किसी भी अवैध लेकिन आवासीय घरों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, निर्माणाधीन और व्यावसायिक अवैध इमारतों पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जोखिम वाली इमारतों में रह रहे नागरिकों को तत्काल खाली कराना और सील करना आवश्यक है।

बैठक में मोबाइल विसर्जन दल की संख्या बढ़ाने और विसर्जन व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए गए। आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे अवैध निर्माणों और किसी भी अनियमितता की जानकारी मनपा को दें ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके।

ठाणे मनपा की यह पहल शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित करने और अवैध निर्माणों से उत्पन्न सुरक्षा और ट्रैफिक समस्याओं को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मुख्य बिंदु

  • दिवा और मुंब्रा में विशेष टीम का गठन
  • 227 अवैध निर्माणों पर अब तक कार्रवाई, 24 मामले दर्ज
  • गणेशोत्सव के दौरान आवासीय अवैध निर्माण पर कार्रवाई नहीं
  • मोबाइल विसर्जन दल की संख्या बढ़ाई गई
  • नागरिकों से सूचना देने की अपील