ठाणे मनपा की 131 सीटों वाली वार्ड संरचना मसौदा घोषित, 4 सितंबर तक आम जनता से आपत्तियां आमंत्रित

Thane news: ठाणे मनपा की 131 सीटों वाली वार्ड संरचना मसौदा घोषित कर दी गई है। नागरिक 4 सितंबर तक आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। यह प्रारूप ठाणे मनपा की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
ठाणे महानगरपालिका (pic credit; social media)
ठाणे महानगरपालिका (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra News: ठाणे मनपा की 131 सीटों वाली वार्ड संरचना का प्रारूप मसौदा मनपा आयुक्त सौरभ राव ने राज्य चुनाव आयोग की अनुशंसा पर घोषित कर दिया है। यह मसौदा अब आम जनता के लिए उपलब्ध है और नागरिक 4 सितंबर तक इस पर अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकते हैं। मसौदा घोषित होते ही शहर में मनपा चुनाव की तैयारियों की गति बढ़ गई है और कई लोगों ने प्रारूप पर एतराज जताते हुए अपनी आपत्तियां दर्ज करने की योजना बनाई है।

ठाणे मनपा में कुल सदस्यों की संख्या 131 ही रखी गई है। इसके अंतर्गत कुल 33 वार्डों का निर्धारण किया गया है। इनमें 32 वार्ड चार सदस्यीय हैं और एक वार्ड तीन सदस्यीय है। मसौदा अधिसूचना में प्रत्येक वार्ड की भौगोलिक सीमा और विस्तार का विवरण दिया गया है। यह प्रारूप ठाणे मनपा की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है। इसके अलावा, यह मसौदा प्रारूप मनपा मुख्यालय के नरेंद्र बल्ल्कूल सभागृह और प्रत्येक वार्ड समिति कार्यालय में उपलब्ध कराया गया है, ताकि नागरिक आसानी से इसका अवलोकन कर सकें।

मतदान प्रतिशत में आई थी गिरावट

पूर्व मतदान अनुभवों के आधार पर सुधार के प्रयास भी किए गए हैं। 2017 में हीरानंदानी रोड्स परिसर की कुछ इमारतें वार्ड क्रमांक 1 में शामिल की गई थीं, जिससे वहां के निवासियों का मतदान केंद्र दो से तीन किलोमीटर दूर हो गया था और मतदान प्रतिशत में गिरावट आई थी। इस बार इस परिसर को हीरानंदानी इस्टेट 2 वार्डों में विभाजित किया गया है। वार्ड क्रमांक 1 में 18 इमारतें और वार्ड क्रमांक 2 में शेष 116 इमारतें रखी गई हैं।

मनपा आयुक्त सौरभ राव ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को प्रारूप मसौदे के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव हो तो वे उसे ठाणे मनपा के आयुक्त कार्यालय, नागरिक सुविधा केंद्र या मुख्यालय स्थित वार्ड समिति कार्यालय में 4 सितंबर दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत कर सकते हैं। इस तिथि के बाद प्राप्त आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

पूर्व नगरसेवक और भाजपा गुट के नेता मनोहर डुंबरे ने भी मसौदा प्रारूप में कुछ वार्डों के विभाजन को लेकर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि नागरिकों की सुविधाओं और मतदान प्रतिशत को ध्यान में रखते हुए वार्ड सीमाओं में सुधार आवश्यक था। इस प्रकार, ठाणे मनपा की नई वार्ड संरचना प्रारूप जनता की राय और सुझावों के लिए खुला है, ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रभावी हो सके।