

Thane Municipal Corporation First CBSE School News: ठाणे महानगरपालिका का पहला सीबीएसई बोर्ड स्कूल 8 जून से खारेगांव में शुरू हो रहा है। 'ठाणे मनपा-क्रिस्टल हाउस' सीबीएसई बोर्ड स्कूल क्रिस्टल हाउस इंडिया के साथ मिलकर चलाया जाएगा और इस स्कूल के जरिए विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और हर तरह के विकास के मौके उपलब्ध कराए जाएंगे।
मनपा आयुक्त सौरभ राव ने मंगलवार अधिकारियों के साथ बैठक कर इस स्कूल के कामकाज की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। खारेगांव में सफायर हॉस्पिटल के पास 'ठाणे मनपा - क्रिस्टल हाउस स्कूल' है। मनपा की तरफ से स्कूल के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसमें लाइब्रेरी, साइंस लैबोरेटरी, कंप्यूटर रूम, लैंग्वेज लैबोरेटरी, स्पोर्ट्स और आर्ट डिपार्टमेंट के लिए अलग जगह, पीने का साफ़ पानी, टॉयलेट, साथ ही बिल्डिंग की मरम्मत, पेंटिंग, लिफ्ट, सीसीटीवी सिस्टम और आग बुझाने का सिस्टम लगाना शामिल है।
क्रिस्टल हाउस प्रबंधन की जिम्मेदारियों में ट्रेंड टीचर और नॉन-टीचिंग स्टाफ की नियुक्ति, प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मुफ्त शिक्षा, यूनिफॉर्म, किताबें और पढ़ाई का सामान उपलब्ध करना, विद्यार्थियों के खाने का इंतजाम और स्कूल तक ट्रांसपोर्ट की सुविधा देना शामिल है। इसके अलावा, विद्यार्थियों को हायर एजुकेशन, करियर गाइडेंस और नौकरी दिलाने वाली ट्रेनिंग देने पर भी जोर दिया जाएगा। फ़िलहाल नर्सरी से सेकेंडरी तक की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
आयुक्त सौरभ राव ने बताया कि इस पहल से ठाणे में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की सीबीएसई करिकुलम की शिक्षा मिलेगी और आर्थिक रूप से कमजोर तबके के विद्यार्थियों के लिए अच्छी गुणवत्ता की शिक्षा के नए अवसर बनेंगे।
ठाणे मनपा और क्रिस्टल हाउस के बीच 30 सितंबर 2025 को एक मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन किया गया था। यह एग्रीमेंट 30 साल के लिए वैलिड होगा। मनपा ने प्रशासनिक अनुमति देकर प्री-प्राइमरी से क्लास 12 तक सीबीएसई बोर्ड का स्कूल खोलने को मंजूरी दे दी है।
आयुक्त ने अधिकारियों की बैठक में संबंधित डिपार्टमेंट को 8 जून से पहले ये सभी काम पूरे करने के निर्देश दिए। अभी स्कूल बिल्डिंग की पेंटिंग, खिड़कियों पर ग्रिल लगाना, प्लेग्राउंड तैयार करना, आग बुझाने के सिस्टम की मरम्मत और लिफ्ट की मरम्मत का काम आखिरी स्टेज में है और मीटिंग में बताया गया कि स्कूल शुरू करने की तैयारियां लगभग पूरी होने वाली हैं। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, उपायुक्त शिक्षण डॉ। मिताली संचेती, उपनगरअभियंता विकास ढोले, विनोद पवार, शुभांगी केसवाणी सहित क्रिसिल पदाधिकारी उपस्थित थे।