

Thane CBSE School For Underprivileged Children: ठाणे मनपा क्षेत्र के गरीब, जरूरतमंद और वंचित तबके के बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में मनपा ने बड़ा कदम उठाया है।
इसके लिए ठाणे मनपा और अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था क्रिस्टल हाउस इंडिया इंटरनेशनल के बीच गुरुवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ।
उल्लेखनीय है कि मनपा द्वारा संचालित मराठी,उर्दू और हिंदी माध्यम के स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या लगातार घट रही है। इसे देखते हुए मनपा ने सीबीएसई का अंग्रेजी स्कूल भी खोलने का निर्णय लिया है। खारीगांव में सीबीएसई स्कूल खोला भी गया है। इसे अच्छा प्रतिसाद मिला है।
खारीगांव की तर्ज पर कावेसर में नई सीबीएसई स्कूल शुरू करने के लिए बैठक खारीगांव स्थित सीबीएसई स्कूल परिसर में ठाणे मनपा आयुक्त सौरभ राव की उपस्थिति में हुई। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, अतिरिक्त आयुक्त मेजर डॉ. नितीन राठोड़, उपायुक्त डॉ. मिताली संचेती के साथ क्रिस्टल हाउस इंडिया की निदेशक मंडल की अध्यक्ष मार्था लैमकिन, अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड हैरिस, उपाध्यक्ष डोनाल्ड नेबेल, क्रिस्टल हाउस इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेसन सी. मैथ्यू तथा पूर्व विश्व नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी और ग्लोबल एंबेसडर राजीव राम भी बैठक में शामिल हुए।
मनपा आयुक्त सौरभ राव ने कहा कि ठाणे मनपा क्षेत्र के हर प्रभाग में कम से कम एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक स्कूल शुरू करना मनपा का लक्ष्य है। इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत मुंब्रा और दिवा क्षेत्रों से की जाएगी।
इन क्षेत्रों में जल्द ही नई स्कूलों के निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। मनपा के इस प्रयास से स्थानीय स्तर पर जरूरतमंद बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
आयुक्त राव ने बताया कि इस शैक्षणिक पहल को राज्य सरकार का भी समर्थन प्राप्त है। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मनपा के इस प्रयास की सराहना करते हुए परियोजना के लिए आवश्यक सरकारी निधि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इससे ठाणे में आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षा व्यवस्था को विस्तार मिलने की उम्मीद है।