

Thane Metro Line 5 A Kalyan Ulhasnagar: ठाणे से भिवंडी होते हुए कल्याण जाने वाली मेट्रो अब उल्हासनगर तक जाएगी। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) की तरफ से कल्याण और उल्हासनगर को जोड़ने वाली प्रस्तावित मेट्रो लाइन 5ए के पहले एवं दूसरे चरण के काम को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हरी झंडी दे दी है।
इस संदर्भ में बुधवार को मंत्रालय में बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर मंत्रिमंडल समिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि इस परियोजना को मंजूरी मिलने से क्षेत्र के लगभग 69 लाख लोगों को फायदा मिलेगा।
Thane Metro Line 5A के प्रथम चरण में ठाणे के कापुरबावड़ी से भिवंडी तक का काम प्रगति पर है। एमएमआरडीए की मानें तो इस साल के अंत तक कापुरबावड़ी से धामनकर नाका (भिवंडी) तक मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी।
दुसरे चरण में भिवंडी-कल्याण के बीच भूमि अधिग्रहण सहित अन्य कार्य किये जा रहे हैं। फ़िलहाल मेट्रो का प्रत्यक्षतौर पर काम अभी शुरू नहीं हुआ है। इस बीच प्राधिकरण ने 11।829 किलोमीटर के विस्तार की योजना तैयार की हैं। जिसे मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा गया था। बताया गया कि यह एलिवेटेड कॉरिडोर मेट्रो लाइन पांच के कोन गांव स्टेशन से शुरू होगा और इसमें दुर्गाड़ी, खड़कपाड़ा और भोइरवाड़ी स्टेशन शामिल होंगे।। इसके बाद यह दो भागों में बंट जाएगा, एक भाग कल्याण में और दूसरा उल्हासनगर में समाप्त होगा।