Pune Municipal का बड़ा प्लान: 400 करोड़ से 61 किमी नई सड़कें, शहर की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

पुणे में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के लिए Pune Municipal Corporation ने ‘मिशन 32’ शुरू किया है। इसके तहत 12 मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण कर 61 किमी मार्ग विकसित किया जाएगा।
pune-missing-link-roads-mission32-traffic-solution-pmc
मिसिंग लिंक रोड पुणे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pune Municipal Corporation Traffic Solution: शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए पुणे महानगर पालिका (पीएमसी) ने एक अहम कदम उठाया है।

रोड विभाग द्वारा किए गए सर्वेक्षण में शहर के भीतर कुल 33 'मिसिंग लिंक' सड़कों की पहचान की गई है। इनमें से 12 महत्वपूर्ण सड़कों को वर्ष 2026-27 में प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्णय लिया गया है।

इन परियोजनाओं के लिए पुणे मनपा के बजट में 400 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें से 370 करोड़ रुपये को स्थायी समिति की मंजूरी मिल चुकी है। इन सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद करीब 61 किलोमीटर लंबा मार्ग यातायात के लिए खुल जाएगा, जिससे शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

महानगर पालिका के 'मिशन 32' के तहत इन परियोजनाओं को गति दी जाएगी। इस मिशन का मुख्य उद्देश्य शहर के ट्रैफिक बॉटलनेक को कम करना और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।

Pune Municipal Corporation ने शुरू किया 'मिशन 32'

  • इस योजना के अंतर्गत बाणेर पाषाण लिंक रोड, वाकड कास्पर्ट बस्ती मार्ग, वाकड-कात्रज सर्विस रोड, सावित्री गार्डन से लोकमत कार्यालय धायरी फाटा मार्ग, गुंजन टॉकीज क्षेत्र, वारजे में रोजरी स्कूल से तिरुपति नगर लिंक, मुंढवा साडेसत्रा नली मार्ग, तालाब फैक्ट्री से वीआईटी कॉलेज रोड तथा आंबेडकर चौक से राजाराम पुल जैसे महत्वपूर्ण मार्ग शामिल है।
  • प्रशासन के अनुसार, भूमि अधिग्रहण की बाधाएं, अतिक्रमण, तकनीकी मंजूरी में देरी और फंड की कमी जैसे कारणों से ये परियोजनाएं लंबे समय से अधूरी थीं।
  • अब इन समस्याओं के समाधान के लिए टीडीआर और एफएसआई के माध्यम से भूमि अधिग्रहण तेज किया जाएगा, साथ ही, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

इस वर्ष शहर के सड़क तंत्र को वर्तमान 8 फीसदी से बढ़ाकर 11 फीसदी तक ले जाने का लक्ष्य है। बेहतर कनेक्टिविटी के लिए चिन्हित 33 में से 12 प्रमुख मिसिंग लिंक इसी वित्त वर्ष में पूरे किए जाएंगे। मनपा में शामिल किए गए 32 गांवों में भी कम से कम एक मुख्य सड़क का निर्माण किया जाएगा। - राजेश बनकर, मुख्य अभियंता (रोड), मनपा

मनपा के पुराने सीमा क्षेत्र में 1400 किलोमीटर लंबी सड़कें

वर्तमान में सड़कों की कुल लंबाई 2273 किमी है, जिसमें से पुराने सीमा क्षेत्र में 1400 किमी सड़कें हैं। टाउन प्लानिंग के नियमों और विकास योजना के अनुसार, शहर के कुल क्षेत्रफल के 15 प्रतिशत हिस्से पर सड़कें होनी अनिवार्य हैं। पुणे का कुल क्षेत्रफल अब 519 वर्ग किलोमीटर हो चुका है, लेकिन क्षेत्रफल के अनुपात में वर्तमान में केवल 8 प्रतिशत सड़कें ही उपलब्ध हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com