फर्जी पुलिसकर्मियों ने डॉक्टर का अपहरण कर 2 लाख लूटे, 12 लाख फिरौती मांगी, 5 पर केस दर्ज

Thane News: ठाणे में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर का फर्जी पुलिसकर्मियों ने अपहरण कर नासिक ले जाकर दो लाख रुपये लूटे और 12 लाख की फिरौती मांगी। डॉक्टर किसी तरह भागकर बच निकले, पुलिस जांच में जुटी।
Kidnapping
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Thane Doctor Kidnapping Case: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 35 वर्षीय सरकारी डॉक्टर का अपहरण कर लिया गया। पांच लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर डॉक्टर को अगवा किया, उनसे दो लाख रुपये छीन लिए और 12 लाख रुपये की फिरौती मांगी।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक सरकारी अस्पताल के 35 वर्षीय चिकित्सक को पांच लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर कथित तौर पर अगवा कर लिया और बंधक बनाकर दो लाख रुपये लूट लिये। यह घटना पिछले सप्ताह हुई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चिकित्सक का 8 नवंबर को सुबह करीब नौ बजे कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल से अपहरण कर लिया। पुलिस ने गुरुवार को इस घटना के संबंध में कलवा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है।

परिचित आरोपी ने पुलिस बनकर की वारदात

अधिकारियों ने जानकारी दी कि अपहरण करने वाले आरोपियों में शामिल एक व्यक्ति चिकित्सक का परिचित था। इस आरोपी की पहचान इरफान अजगर अली के रूप में हुई है। इरफान अजगर अली अपने चार अन्य साथियों के साथ डॉक्टर के पास आया। इन सभी ने डॉक्टर के सामने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उन्हें जबरन एक वाहन में बिठाकर अगवा कर लिया।

नकली नोट केस में फंसाने की धमकी

डॉक्टर को अगवा करने के बाद, आरोपी उन्हें महाराष्ट्र के नासिक शहर ले गए। वहां जाकर उन्होंने चिकित्सक को नकली नोट मामले में फंसाने की धमकी दी। धमकी देने के बाद, आरोपियों ने पीड़ित चिकित्सक के पास मौजूद दो लाख रुपये छीन लिए। इसके साथ ही उन्होंने उनसे 12 लाख रुपये की फिरौती की भी मांग की।

भागने में कामयाब रहे डॉक्टर

अधिकारी ने बताया कि डॉक्टर शाम तक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागने में सफल रहे। वहां से निकलकर वह वर्तक नगर स्थित अपने घर पहुंचे। इसके बाद, चिकित्सक ने पुलिस के पास पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

कलवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(2), 309(4) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने पुष्टि की है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

Navbharat Live
navbharatlive.com