

मेट्रो-5 का पहला चरण कापूरबावड़ी से धामणकर नाका तक है।
11.9 किमी के हिस्से में छह नए स्टेशन बनाए गए हैं।
कापूरबावड़ी स्टेशन पर मेट्रो-4 से इंटरचेंज मिलेगा।
मेट्रो-4, मेट्रो-12 और उपनगरीय रेलवे से भी नेटवर्क को जोड़ने की योजना है।
Thane Metro 5 And 5A Route: मुंबई महानगर क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में मेट्रो मार्ग-5 और इसका विस्तारित मेट्रो-5A प्रोजेक्ट महत्वपूर्ण साबित होने वाला है। इससे ठाणे, भिवंडी, कल्याण और उल्हासनगर के बीच आवागमन करने वाले लाखों नागरिकों को आने वाले समय में मेट्रो का नया विकल्प मिलेगा।
इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को सड़क मार्गों पर भारी ट्रैफिक से निजात मिल सकेगी। एमएमआरडीए की मेट्रो-5 परियोजना को ठाणे-भिवंडी-कल्याण कॉरिडोर के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसके पहले चरण में ठाणे के कापूरबावड़ी से भिवंडी के धामणकर नाका तक पहले चरण का निर्माण पूरा हो गया है। इस मार्ग पर मेट्रो का ट्रायल भी शुरू हो गया है।
मेट्रो-5 के पहले चरण में ट्रायल रन शुरू हो चुके हैं। निर्माण कार्य के बाद अब सिस्टम की जांच, परीक्षण और सुरक्षा संबंधी प्रक्रियाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। 11.9 किमी के इस हिस्से में बालकुम, कशेली, काल्हेर, पूर्णा, अंजुरफाटा और धामणकर नाका सहित 6 नए स्टेशन होंगे। कापूरबावड़ी पर मेट्रो-4 से भी इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। मेट्रो 5 के लिए कशेली में डिपो भी लगभग तैयार हो गया है।
इस मार्गिका के निर्माण में क्षेत्र की भौगोलिक और यातायात संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखा गया है। कशेली दक्षिण खाड़ीवर 550 मीटर और कशेली उत्तर खाड़ीवर 110 मीटर लंबे पुल बनाए गए हैं। इन दोनों खाड़ियों को पार करने वाला मेट्रो कॉरिडोर भारत में अपनी तरह का पहला प्रकल्प बताया गया है। इसके अलावा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर और समर्पित मालवाहक गलियारे (डीएफसी) को जमीन के ऊपर से पार करने वाला यह एमएमआर का पहला मेट्रो वायडक्ट भी है।
मेट्रो-5A इस परियोजना का महत्वपूर्ण विस्तार है। संशोधित योजना के अनुसार, धामणकर नाका से आगे भिवंडी-दुर्गाडी होते हुए कल्याण तक मेट्रो नेटवर्क बढ़ाया जाएगा। इसके साथ दुर्गाडी से खड़कपाड़ा और भोईरवाडी के रास्ते कल्याण तथा भोईरवाडी से उल्हासनगर तक सीधी कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी।
मेट्रो-5A और इसके आगे की कुल लंबाई लगभग 11.83 किलोमीटर होगी। इसमें दुर्गाडी, खड़कपाड़ा, भोईरवाडी, छत्रपति शिवाजी पथ, शांति नगर, छत्रपति शिवाजी चौक और उल्हासनगर क्षेत्र को जोड़ने वाले स्टेशन प्रस्तावित हैं।
मेट्रो-5 के पहले चरण, दूसरे चरण और मेट्रो-5A विस्तार को मिलाकर पूरा नेटवर्क लगभग 34.21 किलोमीटर का होगा। इससे ठाणे जिले के भिवंडी, कल्याण और उल्हासनगर के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा। मेट्रो-4, मेट्रो-12 और उपनगरीय रेलवे नेटवर्क के साथ इंटरचेंज की सुविधा मिलने से एमएमआर के नागरिकों को आगे की यात्रा के लिए भी कई विकल्प उपलब्ध होंगे।