

Maharashtra Crime News: साइंस साइड से 12वीं की परीक्षा में 95।7 प्रतिशत अंक हासिल कर ठाणे शहर के हीरानंदानी इस्टेट इलाके में अपनी लगन का लोहा मनवाने वाले ठाणे के एक होनहार छात्र को उसके मन पसंद संस्थान आईआईईएसटी में एडमिशन नहीं मिल पाया।
इस बात से दुखी हो कर उसने 22वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। एडमिशन के लिए उसने एंट्रेंस एग्जाम दिया था, जिसमें उसकी रैंक 10,474 थी।
ठाणे पुलिस के मुताबिक, घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी इस्टेट में रहने वाले छात्र ने शुक्रवार शाम अपने परिवार के व्हाट्सएप ग्रुप में जान देने का संदेश भेजा। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ कर पाते, उसने एक आवासीय इमारत की 22वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
पुलिस के मुताबिक छात्र शाम करीब 7.30 बजे साइकिल चलाने की बात कहकर घर से निकला था। करीब 8.15 बजे उसने व्हाट्सएप ग्रुप में मैसेज भेजा। फोन बंद मिलने पर परिजनों ने कासारवडवली पुलिस को सूचना दी।
तलाश के दौरान छात्र गंभीर रूप से घायल अवस्था में अपार्टमेंट के पास फुटपाथ पर मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता के बयान के आधार पर आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट दर्ज की गई है। ठाणे शहर के पुलिस ने कहा कि परिवार को किसी साजिश का संदेह नहीं है और उन्होंने घटना के लिए पढ़ाई से जुड़ी परेशानी को जिम्मेदार बताया है।
छात्र इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी, शिबपुर से बीएस-एमएस दोहरी डिग्री की पढ़ाई करना चाहता था।
लेकिन प्रवेश परीक्षा में 10,474वीं रैंक आने के कारण उसे सीट नहीं मिल सकी। इससे वह कथित तौर पर काफी निराश था। प्रवेश परीक्षा की 10,474वीं रैंक एक ऐसा दर्द बन गई, जिसे वह सहन न कर पाया।